आईजीयू ने जापान में होने वाले एशियाड के लिए चुनी छह सदस्यीय टीम

आईजीयू ने जापान में होने वाले एशियाड के लिए चुनी छह सदस्यीय टीम

आईजीयू ने जापान में होने वाले एशियाड के लिए चुनी छह सदस्यीय टीम
Modified Date: June 7, 2026 / 04:27 pm IST
Published Date: June 7, 2026 4:27 pm IST

नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) भारतीय गोल्फ संघ (आईजीयू) ने इस साल के आखिर में जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों के लिए रविवार को छह सदस्यीय गोल्फ टीम का चयन किया जिसमें युवराज संधू और अदिति अशोक भी शामिल हैं।

एलपीजीए टूर की नियमित गोल्फर अदिति ने चीन के हांग्झोऊ में 2022 एशियाई खेलों में व्यक्तिगत रजत पदक जीता था।

भारतीय गोल्फ संघ द्वारा चुनी गई टीम में संधू (विश्व नंबर 451), वीर अहलावत (विश्व नंबर 558) और सप्तक तलवार (विश्व नंबर 576) तीन पुरुष सदस्य हैं जबकि अदिति (विश्व नंबर 135), दीक्षा डागर (विश्व नंबर 221) और प्रणवी उर्स (विश्व नंबर 270) तीन महिला खिलाड़ी हैं।

पुरुष और महिला दोनों के लिए गोल्फ स्पर्धा 30 सितंबर से तीन अक्टूबर तक कसुगई कंट्री क्लब ईस्ट कोर्स में होंगे।

ब्रजिंदर सिंह की अगुआई वाली आईजीयू ने कहा कि प्रविष्टियां एशियाई खेलों के लिए उसकी चयन नीति के हिसाब से तय की गई थीं।

सिंह ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘हमारे पास एक बहुत प्रतिभाशाली और कुशल टीम है जिसमें युवराज संधू जैसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने पिछले साल पीजीटीआई सर्किट पर सात बार जीत हासिल की थी। फिर अदिति अशोक और दीक्षा डागर जैसी खिलाड़ी हैं जिन्होंने लेडीज यूरोपीय टूर (एलईटी) पर कई बार जीत हासिल की है। प्रविष्टियां पूरी तरह से विश्व रैंकिंग के जरिए तय की गईं। मुझे पूरा भरोसा है कि भारतीय टीम इस बार पोडियम पर पहुंचेगी। ’’

भारत का एशियाई खेलों में गोल्फ में शानदार इतिहास रहा है जिसमें उसने अब तक तीन स्वर्ण और तीन रजत पदक जीते हैं।

लक्ष्मण सिंह, ऋषि नारायण, अमित लूथरा और राजीव मोहता की भारतीय चौकड़ी ने 1982 में नयी दिल्ली में हुए एशियाई खेलों में टीम स्वर्ण पदक जीता था। लक्ष्मण सिंह ने एक व्यक्तिगत स्वर्ण पदक भी जीता था।

शिव कपूर ने 2002 बुसान एशियाई खेलों में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता था। 2006 के दोहा एशियाई खेलों में अनिर्बान लाहिड़ी, गगनजीत भुल्लर और जोसेफ चकोला की भारतीय टीम ने रजत पदक जीता।

2010 के ग्वांग्झू एशियाई खेलोंमें राशिद खान, राहुल बजाज, अभिनव लोहान और अभिजीत सिंह चड्ढा वाली भारतीय टीम ने रजत पदक जीता था।

भाषा

नमिता पंत

पंत


लेखक के बारे में