देविका को हराकर उन्नति ताइपे ओपन के सेमीफाइनल में

देविका को हराकर उन्नति ताइपे ओपन के सेमीफाइनल में

देविका को हराकर उन्नति ताइपे ओपन के सेमीफाइनल में
Modified Date: July 31, 2026 / 03:08 pm IST
Published Date: July 31, 2026 3:08 pm IST

ताइपे, 31 जुलाई (भाषा) भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी उन्नति हुड्डा ने शुक्रवार को ताइपे ओपन के महिला एकल क्वार्टर फाइनल में हमवतन देविका सिहाग को 23-21, 21-16 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

दो भारतीय खिलाड़ियों के बीच हुए इस मुकाबले का पहला गेम बेहद रोमांचक रहा जहां उन्नति ने धैर्य का परिचय देते हुए 23-21 से जीत दर्ज की।

उन्नति ने शानदार शुरुआत करते हुए 11-3 की बढ़त बना ली, लेकिन देविका ने जोरदार वापसी करते हुए स्कोर 21-21 से बराबर कर दिया। उन्नति ने निर्णायक क्षणों में संयम बनाए रखते हुए लगातार दो अंक जीतकर पहला गेम 23-21 से अपने नाम कर लिया।

तीसरी वरीयता प्राप्त 18 वर्षीय उन्नति ने दूसरे गेम में भी अपना दबदबा कायम रखा और आठवीं वरीय देविका को 21-16 से शिकस्त देकर 42 मिनट में मुकाबला जीत लिया।

सेमीफाइनल में उन्नति का सामना चीनी ताइपे की चियू पिन-चियान और वियतनाम की गुयेन थुई लिन्ह के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा।

दिन में बाद में भारत की तन्वी शर्मा और किरण जॉर्ज अपने-अपने एकल क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में क्रमशः थाईलैंड की सुपानिदा केतेथोंग और जापान के युदाई ओकिमोटो से भिड़ेंगे।

भाषा

आनन्द पंत

पंत


लेखक के बारे में