पुडुचेरी, 24 सितंबर (भाषा) कप्तान देवदत्त पडिक्कल के अर्धशतक और पहली पारी में शतक जड़ने वाले कुमार कुशाग्र के नाबाद 46 रन की मदद से भारत ए ने बृहस्पतिवार को यहां पहले चार दिवसीय मुकाबले के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ए के सामने 363 रन का लक्ष्य रखा।
भारत ए की टीम एक समय दूसरी पारी में एक विकेट पर 93 रन बनाकर अच्छी स्थिति में दिख रही थी लेकिन इसके बाद उसकी पारी 199 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया ए के लिए ऑफ स्पिनर टॉड मर्फी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके जिसमें साई सुदर्शन का महत्वपूर्ण विकेट भी शामिल था।
बाएं हाथ के बल्लेबाज सुदर्शन भारतीय टीम में रिजर्व सलामी बल्लेबाज के स्थान के लिए दावेदारी पेश कर रहे हैं। वह तीसरे स्थान की दौड़ में पडिक्कल से पिछड़ गए हैं।
दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलिया ए ने दो विकेट पर 55 रन बना लिए थे। उसे जीत के लिए अब 308 रन और चाहिए जबकि मैच बचाने के लिए उसे पूरे चौथे दिन बल्लेबाजी करनी होगी।
पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वाले सलामी बल्लेबाज सुदर्शन ने 85 गेंद में 39 रन बनाए जिसमें तीन चौके शामिल थे। उन्होंने पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी की। पडिक्कल ने 88 गेंद में 59 रन बनाए और सात चौके लगाए।
भारत ए ने पहली पारी में 163 रन की बढ़त हासिल की थी लेकिन दूसरी पारी में टीम उस मजबूत स्थिति का फायदा नहीं उठा सकी।
सुदर्शन लंच से ठीक पहले मर्फी की गेंद पर स्वीप खेलने के प्रयास में पगबाधा आउट हुए। इस ऑफ स्पिनर ने पहली पारी में भी तीन विकेट लिए थे और दूसरी पारी में चार विकेट हासिल किए।
शानदार फॉर्म में चल रहे पडिक्कल ने तेज गेंदबाज लियाम स्कॉट के खिलाफ लगातार दो चौके लगाकर अर्धशतक पूरा किया। यह उनका लगातार चार प्रथम श्रेणी मैचों में चौथा 50 से अधिक का स्कोर है।
कप्तान पडिक्कल पांचवें विकेट के रूप में स्कॉट की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। इसके बाद भारत ए ने तेजी से विकेट गंवाए और अंतिम छह विकेट महज 48 रन जोड़कर पवेलियन लौट गए।
भाषा सुधीर पंत
पंत