छात्र आत्महत्या को लेकर प्रदर्शनों के बीच आईआईटी मुंबई ने परीक्षा की तिथि आगे बढ़ाई

Ads

छात्र आत्महत्या को लेकर प्रदर्शनों के बीच आईआईटी मुंबई ने परीक्षा की तिथि आगे बढ़ाई

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 07:05 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 07:05 PM IST

मुंबई, 24 सितंबर (भाषा) आईआईटी मुंबई के छात्र साहिल वाकोडे की कथित आत्महत्या को लेकर हो रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच संस्थान ने 26-27 सितंबर को होने वाली मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं टालकर 10-11 अक्टूबर को कराने का निर्णय लिया है।

बीटेक द्वितीय वर्ष के 22 वर्षीय छात्र वाकोडे को 18 सितंबर को अपने छात्रावास के कमरे में फंदे से लटके पाए जाने के बाद से ही भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई पिछले छह दिन से विवाद में है। वाकोडे के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को जाति-आधारित भेदभाव और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था।

इससे पहले दिन में, पुलिस ने कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़, उनकी पार्टी के कई कार्यकर्ताओं और एनएसयूआई सदस्यों को उस समय हिरासत में ले लिया, जब वे साहिल वाकोडे के परिवार के साथ एकजुटता दिखाने के लिए संस्थान के बाहर जमा हुए थे।

इस बीच, सोशल मीडिया पर आईआईटी मुंबई के प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला का कथित तौर पर 2024 में भेजा गया एक ईमेल वायरल हो रहा है। तब वह छात्र मामलों के अधिष्ठाता (डीन ऑफ स्टूडेंट अफेयर्स) थे।

ईमेल में, प्रोफेसर डूला ने छात्रों को अपने साथियों से उनकी प्रवेश श्रेणी, जेईई (एडवांस्ड) रैंक या गेट स्कोर के बारे में पूछने से मना किया था। उन्होंने कहा था कि ऐसे सवालों से उनकी जाति या इस बात का पता चल सकता है कि वे आरक्षित श्रेणी से हैं या नहीं।

प्रोफेसर डूला का नाम जातिगत भेदभाव के आधार पर वाकोडे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी में शामिल है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उन्हें इस हफ्ते की शुरुआत में छुट्टी पर भेज दिया गया था।

भाषा वैभव नरेश

नरेश