ताशकंद (उज्बेकिस्तान), छह सितंबर (भाषा) भारत ने रविवार को एएफसी अंडर-20 एशियाई कप क्वालीफायर के अपने अंतिम ग्रुप मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट में दूसरी जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ भारत के तीन मैचों में छह अंक हो गए हैं। हालांकि अब भारत का क्वालीफिकेशन रविवार को सीरिया और उज्बेकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले के नतीजे पर निर्भर है।
अगर सीरिया उज्बेकिस्तान को नहीं हरा पाता है तो भारतीय टीम ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर रहेगी। इसके बाद वह आठ ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहने वाली सात सर्वश्रेष्ठ टीम में शामिल होकर 20 साल बाद एएफसी अंडर-20 एशियाई कप के मुख्य टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर सकती है।
भारत की ओर से डैनी मीतेई लैशराम ने 25वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद विशाल यादव ने 60वें मिनट में शानदार ‘एक्रोबैटिक’ शॉट के जरिए भारत की बढ़त 2-0 कर दी।
स्थानापन्न खिलाड़ी एमडी अरबाश ने 79वें मिनट में जोरदार शॉट लगाकर भारत की जीत 3-0 से पक्की कर दी।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर