अहमदाबाद, छह सितंबर (भाषा) भारत ने रविवार को यहां युगल गर्ग, पवन कुमार और तंवी इंगले के सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज के तीसरे चरण के दूसरे दिन दृष्टिबाधित वर्ग 1 में कम से कम दो पदक पक्के कर लिए।
दृष्टिबाधित वर्ग 1 स्पर्धा में भारत के शानदार प्रदर्शन के साथ कंपाउंड वर्ग के तीरंदाजों ने भी क्वालीफिकेशन में दबदबा बनाया। दुनिया की नंबर एक और मौजूदा विश्व चैंपियन शीतल देवी ने महिला वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि भारतीय पुरुष और महिला टीम ने भी शीर्ष वरीयता हासिल की।
जम्मू की बिना हाथ वाली पैरा तीरंदाज शीतल ने 720 में से 698 अंक हासिल कर महिला कंपाउंड क्वालीफिकेशन में शीर्ष वरीयता हासिल की।
चार भारतीय तीरंदाज अंतिम-16 के दूसरे दौर में पहुंचे। इनमें लालपती 11वीं, सरिता 12वीं और पायल नाग 14वीं वरीयता पर रहीं। पायल ने स्लोवाकिया की डोमिनिका पेट्रोविकोवा को 140-131 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई।
भारत ने महिला कंपाउंड टीम क्वालीफिकेशन में भी शीर्ष स्थान हासिल किया। शीतल, लालपती और सरिता ने मिलकर 1,368 अंक जुटाए और चीन से दो अंक आगे रहीं।
ड्रॉ में पांच टीम होने के कारण भारत को सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश मिला। अब उसका सामना पांचवीं वरीयता प्राप्त स्लोवाकिया और चौथी वरीयता प्राप्त कजाखस्तान के बीच होने वाले क्वार्टरफाइनल के विजेता से होगा।
इस तरह भारतीय तिकड़ी पदक पक्का करने से सिर्फ एक जीत दूर है।
पुरुष कंपाउंड वर्ग में पेरिस पैरालंपिक 2024 के मिश्रित टीम कांस्य पदक विजेता राकेश कुमार ने 702 अंक के साथ दूसरी वरीयता हासिल की। वह शीर्ष वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया के केन स्वागुमिलांग से केवल दो अंक पीछे रहे।
दुनिया के नंबर एक और मौजूदा विश्व चैंपियन तोमन कुमार भारत के अगले सर्वश्रेष्ठ तीरंदाज रहे और चौथे स्थान पर रहे। उनके बाद गुरविंदर सिंह आठवें और श्याम सुंदर स्वामी 13वें स्थान पर रहे। चारों भारतीय तीरंदाज दूसरे दौर में पहुंच गए।
दूसरे दौर में तोमन और श्याम सुंदर के बीच मुकाबला होगा।
दूसरी वरीयता प्राप्त राकेश का सामना इराक के अब्बास काधिम से होगा जबकि गुरविंदर फ्रांस के थियरी जौसॉम से भिड़ेंगे।
भारत ने पुरुष कंपाउंड टीम क्वालीफिकेशन में भी 1,398 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया और सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
मिश्रित कंपाउंड टीम स्पर्धा में भी भारत को शीर्ष वरीयता मिली है। पेरिस 2024 के मिश्रित टीम वर्ग की कांस्य पदक विजेता शीतल, तोमन कुमार के साथ जोड़ी बनाएंगी।
भारतीय जोड़ी अपने अभियान की शुरुआत क्वार्टरफाइनल से करेगी।
दृष्टिबाधित वर्ग 1 ने भारत को एक और बड़ी सफलता दिलाई। तीन तीरंदाजों के सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ भारत ने कम से कम दो पदक सुनिश्चित कर लिए हैं।
आठ खिलाड़ियों के ड्रा में दूसरी वरीयता प्राप्त तंवी इंगले को सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश मिला।
तीसरे वरीय पवन कुमार ने पूजना गोवर्धन को सीधे सेटों में 6-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जहां उनका सामना तंवी इंगले से होगा। यानी सेमीफाइनल में दो भारतीय तीरंदाज आमने-सामने होंगी।
दूसरे सेमीफाइनल में पांचवें वरीय युगल गर्ग ने हमवतन अर्णव बैस को सीधे सेटों में 6-0 से हराया। अब युगल का सामना विश्व नंबर एक साइप्रस के क्रिस्टोस मिसोस से होगा।
दृष्टिबाधित वर्ग 1 उन तीरंदाजों के लिए वर्गीकरण है जो पूरी तरह दृष्टिहीन हैं। खिलाड़ी आंखों पर पट्टी या ब्लैकआउट चश्मा पहनकर प्रतिस्पर्धा करते हैं और निशाना लगाने तथा शॉट खेलने के लिए विशेष गैर-दृश्य तकनीकों के जरिए अपनी दिशा और स्थिति तय करते हैं।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर