भारत ने कोरिया को 3-1 से हराकर जीत का सिलसिला जारी रखा

भारत ने कोरिया को 3-1 से हराकर जीत का सिलसिला जारी रखा

भारत ने कोरिया को 3-1 से हराकर जीत का सिलसिला जारी रखा
Modified Date: May 31, 2026 / 10:42 am IST
Published Date: May 31, 2026 10:42 am IST

काकामिगाहारा (जापान), 31 मई (भाषा) भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अंडर-18 एशिया कप के पूल ए के अपने दूसरे मैच में रविवार को यहां कोरिया को 3-1 से पराजित किया।

भारत की तरफ से नौशीन नाज़, श्रुति कुमारी और किरण एक्का ने गोल किए। इस तरह से पहले दिन मलेशिया को हराने वाली भारतीय टीम ने अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखा।

भारत ने शानदार शुरुआत की और पहले क्वार्टर में पेनल्टी हासिल की। ​​नौशीन (चौथे मिनट में) ने पेनल्टी को गोल में बदलकर भारत को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी।

भारतीय टीम ने अपना दबदबा बनाए रखा और दूसरे क्वार्टर में बढ़त को दोगुना कर दिया। खेल के 21वें मिनट में श्रुति ने एक शानदार मैदानी गोल दागा, जिससे भारत हाफ टाइम तक 2-0 से आगे था।

कोरिया ने इसके बाद तीसरे क्वार्टर में 41वें मिनट में ग्योंगमिन रियू के गोल से अंतर कम किया। लेकिन इसके दो मिनट बाद किरण ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को फिर से मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

इस मैच में भारतीय टीम ने चार पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक हासिल किया, जबकि कोरिया ने दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये।

मलेशिया और कोरिया के खिलाफ जीत के बाद भारत अब पूल ए तालिका में छह अंकों के साथ शीर्ष पर है। वह दो जून को पूल ए के अपने अंतिम मैच में सिंगापुर के खिलाफ जीत का सिलसिला बरकरार रखने की कोशिश करेगा।

भाषा

पंत

पंत


लेखक के बारे में