भारत ने नामीबिया को हराकर पुरुष पेयर्स लॉन बॉल्स में लगातार दूसरी जीत दर्ज की
भारत ने नामीबिया को हराकर पुरुष पेयर्स लॉन बॉल्स में लगातार दूसरी जीत दर्ज की
ग्लास्गो, 29 जुलाई (भाषा) भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों की लॉन बॉल्स प्रतियोगिता में अपना शानदार अभियान जारी रखते हुए बुधवार को पुरुष पेयर्स वर्ग के सेक्शन बी के दूसरे दौर के दूसरे मैच में नामीबिया को कड़े मुकाबले में हराया।
मंगलवार को कुक आइलैंड्स के खिलाफ टाईब्रेकर में मिली जीत के बाद भारत के ‘लीड’ नवनीत सिंह और ‘स्किप’ दिनेश कुमार की जोड़ी ने पिछड़ने के बावजूद संयम बनाए रखा और पहला सेट 5-3 से अपने नाम किया।
नामीबिया ने 3-0 की बढ़त हासिल कर ली थी लेकिन भारतीय जोड़ी ने सटीक थ्रो और शानदार रणनीति के दम पर लगातार पांच अंक जुटाकर मैच का रुख पलट दिया और प्रतिद्वंद्वी टीम की वापसी की उम्मीदों को झटका दिया।
दूसरे सेट में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा शुरू से ही कायम रहा। उन्होंने शुरुआती 2-0 की बढ़त को लगातार शानदार खेल और ‘जैक’ पर प्रभावी नियंत्रण के दम पर 6-1 तक पहुंचा दिया।
नामीबिया ने सेट के अंतिम चरण में दो अंक लेकर अंतर 3-6 कर दिया लेकिन तब तक मुकाबले का नतीजा लगभग तय हो चुका था। भारतीय जोड़ी ने आसानी से मैच जीतकर ग्रुप चरण में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
वहीं महिला एकल सेक्शन सी के राउंड दो के तीसरे मैच में भारत की नयनमोनी सैकिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आइल ऑफ मैन की कैरोलीन व्हाइटहेड को 2-0 से हरा दिया।
भाषा सुधीर नमिता सुधीर
सुधीर

Facebook


