पाकिस्तान को हराकर भारत अंडर 18 पुरूष एशिया कप हॉकी के फाइनल में

Ads

पाकिस्तान को हराकर भारत अंडर 18 पुरूष एशिया कप हॉकी के फाइनल में

  •  
  • Publish Date - June 5, 2026 / 06:46 PM IST,
    Updated On - June 5, 2026 / 06:46 PM IST

काकामिगाहारा (जापान), पांच जून (भाषा) आखिरी क्वार्टर में तीन गोल करने वाले आशीष तानी पूर्ति के चार गोल की मदद से भारत ने शुक्रवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5 . 3 से हराकर अंडर 18 पुरूष एशिया कप हॉकी के फाइनल में प्रवेश कर लिया ।

आखिरी क्वार्टर तक 2 . 3 से पीछे चल रही भारतीय टीम ने आखिरी मिनटों में जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए दनादन गोल दागे ।

मैच की शुरूआत धीमी रही और दोनों टीमें मिडफील्ड में गेंद पर नियंत्रण के लिये जूझती नजर आई । भारत ने 12वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक हासिल किया जब पाकिस्तान की रक्षापंक्ति ने चूक की ।

फॉरवर्ड आशीष तानी पूर्ति (12वां मिनट) ने गोल करके भारत को 1 . 0 से बढत दिलाई जो पहले क्वार्टर में कायम रही । पाकिस्तान को दूसरे क्वार्टर में 16वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारतीय गोलकीपर आयुष रजक और डिफेंडर अंश बहुत्रा ने मिलकर अहमद उजैर की ड्रैग फ्लिक को गोल में तब्दील नहीं होने दिया ।

पाकिस्तान ने 27वें मिनट में बराबरी का गोल दागा जब अदील ने गेंद पर कब्जा करके फील्ड गोल किया ।

तीसरे क्वार्टर में भारत ने शाहरूख अली (35वां) के गोल के दम पर फिर बढत बना ली । लेकिन यह ज्यादा देर कायम नहीं रही और दो मिनट बाद पाकिस्तान के लिये मोहम्मद फरहान ने फील्ड गोल किया । पाकिस्तान ने 42वें मिनट में बढत बना ली जब उजैर अहमद कुरैशी ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा ।

तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारत 2 . 3 से पीछे था ।

आखिरी क्वार्टर में पाकिस्तान के मुजम्मिल सईद को 46वें मिनट में ग्रीन कार्ड देखना पड़ा । भारत को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले और दूसरे पर आशीष ने गोल करके 49वें मिनट में स्कोर 3 . 3 से बराबर कर दिया ।

आशीष ने 53वें मिनट में एक बार फिर पेनल्टी कॉर्नर तब्दील करके हैट्रिक पूरी की और भारत को 4 . 3 से बढत दिलाई । चार मिनट बाकी रहते भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला जिस पर आशीष ने चौथा गोल किया ।

फाइनल में शनिवार को भारत का सामना जापान से होगा ।

भाषा मोना आनन्द

आनन्द