एआईटीए ने धामने, आडकर को टीएजीजी योजना में शामिल करने का स्वागत किया

Ads

एआईटीए ने धामने, आडकर को टीएजीजी योजना में शामिल करने का स्वागत किया

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 05:40 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 05:40 PM IST

नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) ने उभरते सितारे मानस धामने और वैष्णवी आडकर को भारत सरकार की ‘टारगेट एशियन गेम्स ग्रुप (टीएजीजी)’ योजना में शामिल करने का स्वागत करते हुए इसे देश में उच्च स्तरीय खिलाड़ियों के विकास की दिशा में एक अहम कदम करार दिया।

इस योजना में शामिल किए गए अन्य दो खिलाड़ियों में पुरुष एकल खिलाड़ी दक्षिणेश्वर सुरेश और युगल विशेषज्ञ अनिरुद्ध चंद्रशेखर शामिल हैं।

इन चार खिलाड़ियों के शामिल होने के साथ ही टीएजीजी योजना के तहत सहायता प्राप्त करने वाले भारतीय टेनिस खिलाड़ियों की संख्या 15 हो गई है। पहले से इस योजना का लाभ उठा रहे खिलाड़ियों में सुमित नागल, युकी भांबरी, रुतुजा भोसले, अर्जुन काधे, ऋत्विक चौधरी बोल्लीपल्ली, वैदेही चौधरी, माया राजेश्वरन, एन. श्रीराम बालाजी, साकेत मायनेनी, सहजा यमलापल्ली और श्रिवल्ली भामिदिपाति शामिल हैं।

टीएजीजी कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर, कोचिंग सहायता, खेल विज्ञान सेवाएं, फिजियोथेरेपी, स्ट्रेंथ एवं कंडीशनिंग सहयोग, उपकरण सहायता तथा प्रदर्शन सुधार से जुड़ी अन्य सुविधाएं प्रदान की जाती हैं।

एआईटीए के अनुसार इन चार खिलाड़ियों का टीएजीजी के लिए चयन होना भारतीय टेनिस में बढ़ती प्रतिभा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में बढ़ते प्रयासों को दर्शाता है।

एआईटीए के महासचिव सुंदर अय्यर ने कहा, ‘‘ एआईटीए को उम्मीद है कि खिलाड़ी इस योजना के तहत उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाएंगे और भविष्य के एशियाई खेलों, ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों, डेविस कप, बिली जीन किंग कप तथा अन्य प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत की सफलता में योगदान देंगे।’’

उन्होंने भारत सरकार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) और मिशन ओलंपिक सेल के निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना में शामिल किए गए चारों खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय सर्किट में प्रतिस्पर्धा करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध होंगे।

भाषा आनन्द मोना

मोना