आईसीसी प्रमुख जय शाह एसएलसी की अंतरिम समिति के मुद्दे पर श्रीलंका के राष्ट्रपति दिसानायके से मिलेंगे

Ads

आईसीसी प्रमुख जय शाह एसएलसी की अंतरिम समिति के मुद्दे पर श्रीलंका के राष्ट्रपति दिसानायके से मिलेंगे

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 02:46 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 02:46 PM IST

कोलंबो, 19 जून (भाषा) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह शुक्रवार को एक संक्षिप्त दौरे पर यहां पहुंचेंगे और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके से मुलाकात करेंगे जिसमें श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) की अंतरिम समिति का मुद्दा मुख्य एजेंडा हो सकता है। सरकारी सूत्रों ने यह जानकारी दी।

शाह अहमदाबाद और कोलंबो के बीच शुरू होने वाली पहली सीधी उड़ान से यात्रा करेंगे।

उम्मीद है कि शाह एसएलसी की अंतरिम समिति की नियुक्ति पर चर्चा करेंगे। आईसीसी इसे राष्ट्रीय क्रिकेट संचालन संस्था के कामकाज से जुड़े अपने नियमों के खिलाफ मानता है।

श्रीलंका के खेल मंत्री सुनील कुमार गमागे ने अप्रैल के आखिर में एसएलसी को चलाने के लिए मौजूदा अंतरिम समिति नियुक्त की थी।

यहां क्रिकेट सूत्रों के अनुसार आईसीसी ने पिछले हफ्ते एसएलसी के सीईओ एशले डिसिल्वा को एक पत्र भेजा था। हालांकि पत्र की बातें सार्वजनिक नहीं की गई हैं लेकिन माना जा रहा है कि वैश्विक संचालन संस्था ने एसएलसी का कामकाज संभालने के लिए बिना देरी किए लोकतांत्रिक चुनाव कराने पर जोर दिया है।

अंतरिम समिति को उम्मीद थी कि आईसीसी उसे सुधार लागू करने के लिए अनिश्चितकालीन समय देगा जिसमें एसएलसी के लिए नया संविधान बनाना भी शामिल है।

अंतरिम समिति ने शम्मी सिल्वा की अध्यक्षता वाली 2025 में चुनी गई कार्यकारी समिति की जगह ली थी जिसका कार्यकाल अगले साल मई में खत्म होना था।

सिल्वा और उनकी टीम ने इस्तीफा दे दिया था। ऐसा लगता है कि दिसानायके के कहने पर उन्होंने इस्तीफा दिया क्योंकि वे समिति के कामकाज से नाखुश थे।

वर्ष 2024 में तत्कालीन खेल मंत्री द्वारा सिल्वा के प्रशासन को हटाने की कार्रवाई के कारण आईसीसी ने श्रीलंका की सदस्यता निलंबित कर दी थी। श्रीलंका के निलंबन के कारण बाद में आईसीसी अंडर-19 विश्व कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका को सौंप दी गई थी।

एक स्थानीय अदालत द्वारा सिल्वा को एसएलसी का प्रमुख बहाल करने के बाद आईसीसी ने प्रतिबंध हटा लिया था।

भाषा सुधीर पंत

पंत