भारत एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप में जापान से 0-3 से हारा
भारत एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप में जापान से 0-3 से हारा
सुझोऊ (चीन), पांच मई (भाषा) भारत को मंगलवार को यहां एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप फुटबॉल टूर्नामेंट के अपने दूसरे ग्रुप मैच में जापान की मजबूत टीम के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले हाफ में कोई गोल नहीं खाया लेकिन दूसरे हाफ में जापान की टीम पूरी तरह हावी रही और तीन गोल करके जीत दर्ज करने में सफल रही।
पहला हाफ गोल रहित रहने के बाद मैच का एक घंटा पूरा होने से ठीक पहले यूमी हयाशी (59वें मिनट) ने जापान को बढ़त दिला दी। फिर युज़ुहा इकेदा (76वें और 81वें मिनट में) ने दो गोल करके चार बार की चैंपियन टीम को ग्रुप बी में दूसरी जीत दिला दी।
इस नतीजे के साथ जापान दो मैच में छह अंक के साथ ग्रुप बी में शीर्ष पर पहुंच गया।
भारत अपने पहले दो मैच में हार के बाद अंकों का खाता खोलने में नाकाम रहा है और ग्रुप तालिका में अंतिम स्थान पर है।
ग्रुप बी के दिन में एक अन्य मुकाबले में लेबनान ने ऑस्ट्रेलिया के साथ 1-1 से ड्रॉ खेला।
अब क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की कोई भी उम्मीद बनाए रखने के लिए भारत को शुक्रवार को अपने आखिरी ग्रुप मैच में लेबनान को हराना होगा।
तीन ग्रुप में से प्रत्येक से शीर्ष पर रहने वाली दो टीम और तीसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीम क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।
भाषा सुधीर
सुधीर

Facebook


