अफगानिस्तान के खिलाफ सितंबर में टी20 श्रृंखला खेलेगा भारत, बांग्लादेश के दौरे की उम्मीदें खत्म

Ads

अफगानिस्तान के खिलाफ सितंबर में टी20 श्रृंखला खेलेगा भारत, बांग्लादेश के दौरे की उम्मीदें खत्म

  •  
  • Publish Date - August 12, 2026 / 12:43 PM IST,
    Updated On - August 12, 2026 / 12:43 PM IST

नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) बांग्लादेश की सितंबर में सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए भारत की मेजबानी करने की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं, क्योंकि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने घोषणा की है कि श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम 13 से 17 सितंबर तक दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेलेगी।

बीसीसीआई और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने बुधवार को एक संयुक्त बयान में श्रृंखला की घोषणा की। बांग्लादेश भी इसी दौरान भारत की मेजबानी करना चाहता था।

भारत और बांग्लादेश के बीच यह द्विपक्षीय श्रृंखला पिछले साल खेली जानी थी लेकिन बांग्लादेश में राजनीतिक अशांति के कारण इसे स्थगित करना पड़ा था।

भारत के खिलाफ होने वाले अफगानिस्तान के मैच उसके भविष्य के दौरा कार्यक्रम का हिस्सा हैं। ये अफगानिस्तान के घरेलू मैच होंगे क्योंकि उसके देश में अस्थिर राजनीतिक स्थिति के कारण उसने पिछले कुछ वर्षों से अपने मैच भारत में आयोजित किए हैं।

इस श्रृंखला की शुरुआत 13 सितंबर से होगी। दूसरा टी20 मैच 15 सितंबर को और तीसरा 17 सितंबर को खेला जाएगा। तीनों मैच अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।

अफगानिस्तान ने इस साल जून में तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के लिए भारत का दौरा किया था और दोनों टीमों ने जनवरी 2024 में तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला भी खेली थी।

अफगानिस्तान ने 2018 में भारत के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था और तब से दोनों टीमें विभिन्न प्रारूपों में नियमित रूप से एक-दूसरे के खिलाफ खेलती रही हैं।

बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा कि भारतीय बोर्ड अफगानिस्तान में क्रिकेट को आगे बढ़ाने और वहां के खिलाड़ियों को शीर्ष स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, ‘‘द्विपक्षीय क्रिकेट इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है, क्योंकि इससे टीमों को मजबूत टीमों के खिलाफ नियमित रूप से खेलने और अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलता है। हम इस श्रृंखला के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड का भारत में स्वागत करते हैं और इसे सफल बनाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं। हम अफगानिस्तान क्रिकेट का समर्थन जारी रखेंगे।’’

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, ‘‘अफगानिस्तान के खिलाड़ी भारत में भी काफी लोकप्रिय हैं, जिससे दोनों देशों के बीच क्रिकेट में मजबूत संबंधों का पता चलता है।’’

एसीबी के चेयरमैन मीरवाइस अशरफ ने कहा, ‘‘भारत में द्विपक्षीय श्रृंखला के लिए भारत की मेजबानी करना हमारे लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसे संभव बनाने में बीसीसीआई के सहयोग और समर्थन की हम बहुत सराहना करते हैं।’’

भाषा

पंत

पंत