खगड़िया, 12 अगस्त (भाषा) बिहार के खगड़िया जिले में हुए एक सड़क हादसे में चंपारण रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) हर किशोर राय और उनके सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा मंगलवार शाम मानसी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर हुआ।
उसने बताया कि राय भागलपुर की एक अदालत में गवाही देने के बाद अपने घर लौट रहे थे, तभी एक भैंस कथित तौर पर उनके सरकारी वाहन के सामने आ गई।
पुलिस ने बताया कि वाहन के मवेशी से टकराने के कारण उसके अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा और राय तथा उनके सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
खगड़िया के पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने कहा, ‘‘घटना की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।’’
उन्होंने बताया कि खगड़िया शहर के एक निजी अस्पताल में राय का उपचार किया जा रहा है।
भाषा कैलाश खारी
खारी