अंडर-17 एशियाई कप क्वार्टर-फाइनल में भारत भिड़ेगा चीन से, जीत से पक्का होगा फीफा विश्व कप टिकट

Ads

अंडर-17 एशियाई कप क्वार्टर-फाइनल में भारत भिड़ेगा चीन से, जीत से पक्का होगा फीफा विश्व कप टिकट

  •  
  • Publish Date - May 10, 2026 / 09:28 PM IST,
    Updated On - May 10, 2026 / 09:28 PM IST

सुझोउ (चीन) 10 मई (भाषा) भारत की अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम की खिलाड़ी सोमवार को अपने करियर के सबसे बड़े मुकाबले में मेजबान चीन से एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप के क्वार्टर फाइनल में भिड़ेंगी, जहां दांव पर फीफा विश्व कप का टिकट होगा।

भारतीय महिला फुटबॉल के इतिहास में यह पहली बार है जब कोई टीम फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने से सिर्फ एक जीत दूर खड़ी है। भारतीय टीम को यह जीत 2026 फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप में जगह दिला देगी, जिसका आयोजन मोरक्को में होगा।

भारत ने इससे पहले 2017 में पुरुष अंडर-17 विश्व कप और 2022 में महिला अंडर-17 विश्व कप की मेजबानी की थी, लेकिन अब तक कोई भी भारतीय टीम क्वालीफाई करके इस मंच तक नहीं पहुंच सकी है।

मुख्य कोच पामेला कॉन्टी ने कहा कि टीम पूरी तरह अगले कदम पर केंद्रित है।

उन्होंने कहा, “हम इस मैच को उसी उत्साह और जीतने की इच्छा के साथ ले रहे हैं, जिस तरह पूरे टूर्नामेंट को लिया है। हमें पता है कि हम बेहद मजबूत टीम के खिलाफ खेल रहे हैं, लेकिन देश को यह खुशी देने के लिए हम हरसंभव प्रयास करेंगे।”

भारत ने अपने अंतिम ग्रुप मैच में लेबनान को 4-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। यह पहली बार है जब भारत ने एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप के नॉकआउट चरण में जगह पक्की की है।

चीन इस प्रतियोगिता की प्रबल दावेदार टीमों में शामिल है। उसने ग्रुप-ए में म्यांमार को 6-0, वियतनाम को 3-0 और थाईलैंड को 6-0 से हराकर लगातार तीन जीत के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। ऐसे में भारत के सामने कड़ी चुनौती होगी।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता