रूस के साथ मैत्री मैचों से भारतीय अंडर-17 टीम करेगी एशियाई कप की तैयारी

Ads

रूस के साथ मैत्री मैचों से भारतीय अंडर-17 टीम करेगी एशियाई कप की तैयारी

  •  
  • Publish Date - April 10, 2026 / 09:20 PM IST,
    Updated On - April 10, 2026 / 09:20 PM IST

नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) भारतीय टीम 11, 14 और 17 अप्रैल को सोच्चि के मात्सेस्टा फुटबॉल केन्द्र में रूस के खिलाफ तीन मैचों की मैत्री श्रृंखला खेलकर एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप 2026 की तैयारियों को मजबूत करेगी।

बेंगलुरु में प्रशिक्षण लेने वाली युवा टीम छह अप्रैल को सोच्चि पहुंच गई है।

जनवरी में टीम से जुड़ने वाली मुख्य कोच पामेला कोंटी ने टीम की प्रगति, विशेष रूप से प्रशिक्षण और सीखने के उनके जज्बे पर संतोष व्यक्त किया।

इटली की इस कोच ने कहा, ‘‘सच कहूं तो, मैं इस टीम की प्रगति देखकर बहुत खुश हूं।’’

उन्होंने अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ की वेबसाइट से कहा, ‘‘यह एक अविश्वसनीय अनुभव रहा है, खासकर उनके रवैये के कारण। ये खिलाड़ी कम उम्र के हैं, लेकिन उनमें अभ्यास, प्रशिक्षण और सीखने का रवैया कमाल का है। मुझे यकीन है कि उनका भविष्य बहुत उज्ज्वल है।’’

भारत एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप में मुश्किल माने जाने वाले ग्रुप सी में है। इस ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया, जापान और लेबनान की टीमें हैं।

इस एशियाई कप का आयोजन एक से 17 मई तक चीन में होगा।

भाषा आनन्द मोना

मोना