राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह से पहले भारतीय मुक्केबाजों का सामान खोने से परेशानी
राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह से पहले भारतीय मुक्केबाजों का सामान खोने से परेशानी
(अपराजिता उपाध्याय)
ग्लास्गो, 21 जुलाई (भाषा) राष्ट्रमंडल खेलों में मंगलवार को भारतीय मुक्केबाजी टीम की शुरुआत मुश्किल भरी रही क्योंकि टीम का लगभग आधा सामान बेलफास्ट में ही छूट गया।
बाइस सदस्यों वाली भारतीय मुक्केबाजी टीम बेलफास्ट में तैयारी शिविर के बाद ग्लास्गो पहुंची लेकिन साक्षी चौधरी (51 किग्रा), विश्व चैंपियन जैस्मिन लंबोरिया (57 किग्रा), परवीन हुड्डा (65 किग्रा), जादुमणि सिंह (55 किग्रा), कपिल पोखरिया (90 किग्रा) और पुरुषों के मुख्य कोच सी कुटप्पा समेत कई लोगों के बैग उनके साथ नहीं पहुंचे।
टीम के सदस्यों ने बताया गया कि बेलफास्ट-ग्लास्गो के रूट पर चलने वाला विमान छोटा था।
सामान में ट्रेनिंग का सामान और वे खास कपड़े शामिल हैं जिन्हें मुक्केबाजों को गुरुवार को होने वाले उद्घाटन समारोह में पहनना है।
मुक्केबाजों के साथ ऐसा ही तब भी हुआ था जब वे इस महीने की शुरुआत में दोहा से बेलफास्ट के लिए उड़ान भर रहे थे।
शुक्रवार से मुक्केबाजी प्रतियोगिता शुरू हो रही है इसलिए टीम को उम्मीद है कि अंतिम तैयारियों के जोर पकड़ने से पहले उनका सामान ग्लास्गो पहुंच जाएगा।
इसके अलावा महिला कोच को मुक्केबाजों के साथ उसी होटल में रहने की जगह नहीं दी गई है।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द

Facebook


