मनाल, कुशाग्र के शतकों के बाद शानदार गेंदबाजी से भारत अंडर-19 ने श्रीलंका पर कसा शिकंजा
मनाल, कुशाग्र के शतकों के बाद शानदार गेंदबाजी से भारत अंडर-19 ने श्रीलंका पर कसा शिकंजा
कोलंबो, 21 जुलाई (भाषा) कुशाग्र ओझा के बाद मनाल चौहान की शतकीय पारी से भारतीय अंडर-19 टीम ने युवा टेस्ट मैच के दूसरे दिन मंगलवार को पहली पारी में 411 रन बनाने के बाद गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन से श्रीलंका के 122 रन तक आठ विकेट चटकाकर मैच में अपना शिकंजा कस लिया।
श्रीलंका अंडर-19 टीम पहली पारी में भारत से 289 रन पीछे है और उसके सिर्फ दो विकेट बचे हैं।
मनाल ने बीते दिन के स्कोर 55 रन से आगे खेलते हुए शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और 244 गेंदों में 150 रन (20 चौके, एक छक्का) की पारी खेली। वहीं दिन की शुरुआत 103 रन से करने वाले कुशाग्र ओझा ने 193 गेंदों पर 111 रन (12 चौके, 2 छक्के) बनाए।
दोनों ने चौथे विकेट के लिए 155 रन की अहम साझेदारी की जिससे दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 253 रन से करने वाली भारत अंडर-19 टीम ने बड़ा स्कोर खड़ा किया।
यह भारतीय पारी की दूसरी शतकीय साझेदारी रही। इससे पूर्व पहले दिन कुशाग्र ओझा और कप्तान यशोबर्धन चौहान (78) ने तीसरे विकेट के लिए 122 रन जोड़े थे।
भारत अंडर-19 को 277 रन के स्कोर पर चौथा झटका लगा जिसके बाद टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए ।
मनाल ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ छोटी-छोटी उपयोगी साझेदारियां कर टीम के स्कोर को 400 के पार पहुंचाया। वह टीम के 411 रन के कुल स्कोर पर आउट होने वाले नौवें बल्लेबाज बने।
भारतीय गेंदबाजों ने इसके बाद मोर्चा संभालते हुए श्रीलंकाई बल्लेबाजी क्रम पर लगातार प्रहार किए। प्रणव राघवेंद्र (28 रन पर दो विकेट), सी. वेंकट (23 रन पर दो विकेट) और रोहित यादव (चार रन पर दो विकेट) ने दो-दो विकेट लेकर श्रीलंका के बल्लेबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया।
श्रीलंका अंडर-19 की ओर से दुलनिथ सिगेरा ने 37 गेंदों पर 31 रन बनाकर सर्वाधिक योगदान दिया, लेकिन उन्हें रोहित यादव ने बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर

Facebook


