काकामिगाहारा (जापान), चार जून (भाषा) भारतीय पुरुष हॉकी टीम शुक्रवार को यहां अंडर-18 एशिया कप के सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ अपनी कमियों से उबरकर जीत दर्ज करने की कोशिश करेगी जबकि महिला टीम चीन के खिलाफ अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखने के लक्ष्य के साथ उतरेगी।
भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम पूल ए में तीन जीत और एक हार के साथ दूसरे स्थान पर रही। भारत ने अब तक अपने अभियान में 32 गोल किए और सिर्फ छह गोल खाए।
पुरुष टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत कजाखस्तान के खिलाफ 13-0 की शानदार जीत के साथ की जिसके बाद उसे मेजबान जापान के हाथों 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कोरिया पर 4-1 की जीत के साथ जोरदार वापसी की और उसके बाद चीनी ताइपे के खिलाफ 13-1 की बड़ी जीत दर्ज करके सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
कप्तान केतन कुशवाहा सात गोल के साथ भारत के लिए सबसे अधिक करने वाले खिलाड़ी हैं। आशीष टानी पूर्ति ने छह गोल किए हैं। गाजी खान और शाहरुख अली ने तीन-तीन गोल दागे हैं।
पाकिस्तान ने अपने तीन मैच में दो जीत और एक हार के साथ पूल बी में शीर्ष स्थान हासिल किया।
भारतीय अंडर-18 पुरुष टीम के कोच सरदार सिंह ने कहा, ‘‘चार मैच खेलने के बाद हमने उन क्षेत्रों की पहचान कर ली है जहां हमें सुधार करने की आवश्यकता है, विशेष रूप से पेनल्टी कॉर्नर अटैक और डिफेंस में।’’
इस बीच भारतीय महिला टीम टूर्नामेंट में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली टीमों में से एक रही है। उन्होंने अपने तीनों मैच जीतकर पूल ए में शीर्ष स्थान हासिल किया जिसमें उन्होंने 30 गोल किए और सिर्फ दो गोल खाए।
भारत ने अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया पर 2-1 की कड़े मुकाबले वाली जीत के साथ की जिसके बाद उसने कोरिया के खिलाफ 3-1 से जीत दर्ज की।
इसके बाद उन्होंने अपने अंतिम पूल मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंगापुर को 25-0 से रौंदकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान पक्का किया।
टूर्नामेंट में अब तक 10 गोल के साथ नौशीन नाज भारत की सबसे अधिक गोल करने वाली खिलाड़ी रही हैं।
चीन दो जीत और एक ड्रॉ के साथ पूल बी में दूसरे स्थान पर रहा।
कोच रानी ने कहा, ‘‘हमने इस टूर्नामेंट में एक-एक मैच पर ध्यान दिया है और अब हमारा पूरा ध्यान चीन के खिलाफ मुकाबले पर है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि विरोधी टीम क्या करती है। हमारी प्राथमिकता अपने स्तर के अनुसार आक्रामक हॉकी खेलने और मौकों को गोल में बदलना है।’’
भाषा सुधीर मोना
मोना