अमेजन के ‘प्रोटियस’ रोबोट का उन्नत संस्करण पेश, मुश्किल कामों को देगा अंजाम

Ads

अमेजन के 'प्रोटियस' रोबोट का उन्नत संस्करण पेश, मुश्किल कामों को देगा अंजाम

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 05:04 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 05:04 PM IST

(जोइता डे)

लंदन, चार जून (भाषा) वैश्विक ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने बृहस्पतिवार को यूरोप के अपने फुलफिलमेंट केंद्रों में कर्मचारियों की मदद के लिए अगली पीढ़ी का ‘प्रोटियस’ रोबोट पेश किया, जो अधिक मेहनत की जरूरत वाले कार्यों को संभालेगा।

फुलफिलमेंट केंद्र में ऑनलाइन ऑर्डर का प्रसंस्करण, पैकिंग और आपूर्ति की तैयारी होती है।

अमेजन ने यहां आयोजित ‘डिलीवरिंग द फ्यूचर’ कार्यक्रम में उन्नत प्रौद्योगिकी पर आधारित ‘प्रोटियस’ पेश करते हुए कहा कि यह रोबोट साधारण बातचीत के जरिए दिए गए निर्देश समझकर काम कर सकता है और कर्मचारियों का बोझ हल्का करने में मददगार होगा।

कंपनी ने कि यह रोबोट भारी ट्रॉली को खींचने और लंबी दूरी तय करने जैसे काम करेगा, जिससे कर्मचारी फुलफिलमेंट केंद्रों में मौजूद स्टॉक के प्रबंधन और गुणवत्ता नियंत्रण जैसे कौशल आधारित कार्यों पर ध्यान दे सकेंगे।

कंपनी ने कहा कि नई प्रौद्योगिकी मौजूदा स्वायत्त रोबोट का उन्नत संस्करण है, जिससे इसके काम करने का दायरा एवं क्षमता बढ़ी है और यह रोबोट कर्मचारियों के दैनिक कार्यों में अधिक प्रभावी सहायता कर सकता है।

कंपनी ने कहा कि यह नई प्रौद्योगिकी यूरोप में अपने फुलफिलमेंट नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए अगले कुछ वर्षों में 10 अरब यूरो से अधिक निवेश की उसकी योजना का हिस्सा है। इसमें ‘वल्कन’ रोबोट के विस्तार को भी शामिल किया गया है, जो स्पर्श क्षमता (टच) से लैस अमेजन का पहला रोबोट है।

अमेजन के मुताबिक, इस निवेश के तहत वह आने वाले वर्षों में यूरोप में अपने फुलफिलमेंट केंद्रों के कार्यबल में 25,000 की बढ़ोतरी करने की योजना बना रही है, जिससे क्षेत्र में नए रोजगार सृजित होंगे।

(संवाददाता अमेजन के निमंत्रण पर लंदन में मौजूद है)

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण