ताजिकिस्तान के खिलाफ फीफा मैंत्री मैच में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद के साथ उतरेगा भारत

Ads

ताजिकिस्तान के खिलाफ फीफा मैंत्री मैच में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद के साथ उतरेगा भारत

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 04:21 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 04:21 PM IST

हिसोर (ताजिकिस्तान), चार जून (भाषा) पिछले महीने यूनिटी कप में लगातार दो हार से हताश भारतीय फुटबॉल टीम शुक्रवार को यहां फीफा अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में ताजिकिस्तान के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी।

भातर ने पिछले साल सीएएफए नेशंस कप में इसी विरोधी के खिलाफ जीत दर्ज की थी।

भारत को हालांकि लंदन में यूनिटी कप के दौरान 27 और 30 मई को क्रमश: जमैका (0-2) और जिम्बाब्वे (0-1) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

दूसरा मैच भी रविवार को यहीं खेला जाएगा।

पिछले साल 29 अगस्त को सीएएफए नेशंस कप के दौरान हिसोर सेंट्रल स्टेडियम में ताजिकिस्तान के खिलाफ भारत की 2-1 की जीत मुख्य कोच खालिद जमील के मार्गदर्शन में भारतीय टीम का पहला मैच था।

उस टूर्नामेंट में भारत तीसरे स्थान पर रहा था। टीम ने पेनल्टी शूटआउट में ओमान को हराया था।

लेकिन अगले छह मैच में भारत सिर्फ एक बार ही जीत दर्ज कर सका और उसे इस दौरना बांग्लादेश और सिंगापुर जैसी टीम से हार का सामना करना पड़ा। जमील पर दबाव बढ़ता जा रहा है जिनके मार्गदर्शन में भारत ने अब तक 10 में से सिर्फ तीन मैच जीते हैं।

भारत ने यूनिटी कप मोहन बागान सुपर जाइंट के सात खिलाड़ियों के बिना खेला था क्योंकि क्लब ने आखिरी समय पर उन्हें छोड़ने से मना कर दिया था। क्लब का तर्क था कि यह टूर्नामेंट फीफा विंडो (अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए फीफा द्वारा निर्धारित समय) के बाहर आयोजित किया जा रहा है।

आगामी दोनों अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच फीफा विंडो के अंदर हो रहे हैं लेकिन मोहन बागान सुपर जाइंट के खिलाड़ी इनमें हिस्सा नहीं लेंगे। भारतीय टीम सीधे लंदन से यहां पहुंची है।

भारत इस टूर्नामेंट में रयान विलियम्स के बिना उतरेगा। हाल ही में अपना ऑस्ट्रेलियाई पासपोर्ट छोड़कर भारतीय टीम में शामिल होने वाले विलियम्स यूनिटी कप के दौरान चोटिल हो गए थे। उनकी जगह टीम में पार्थिब गोगोई को शामिल किया गया है।

एशियाई कप 2027 के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहने के बाद से भारत की फीफा रैंकिंग लगातार गिर रही है जबकि इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने वाले ताजिकिस्तान की रैंकिंग में सुधार हुआ है। भारत की विश्व रैंकिंग 137 जबकि ताजिकिस्तान की 103 है।

ताजिकिस्तान मैसेडोनिया के नए कोच इगोर एंजेलोव्स्की के मार्गदर्शन में अपना पहला मैच खेलेगा।

भारत और ताजिकिस्तान के बीच अब तक हुए छह मैच में से भारत ने दो जबकि तीन मैच ताजिकिस्तान ने जीते हैं। दोनों टीम के बीच एक मैच ड्रॉ रहा।

भारतीय टीम इस प्रकार है:

गोलकीपर: गुरप्रीत सिंह संधू, ऋतिक तिवारी, अल्बिनो गोम्स।

डिफेंडर: राहुल भेके, निखिल बारला, निखिल पुजारी, रोशन सिंह नौरेम, संदेश झिंगन, आकाश मिश्रा, बिजॉय वर्गीस, परमवीर।

मिडफील्डर: जैक्सन सिंह थौनाओजम, नौफल पीएन, रिकी शबोंग, मैकार्टन लुइ निक्सन।

फारवर्ड: एडमंड लालरिंदिका, लालियानज़ुआला छांगटे, रहीम अली, फारुख चौधरी, मोहम्मद सनन कुंडोई, विक्रम प्रताप सिंह, पार्थिब गोगोई।

मैच भारतीय समयानुसार रात 8:30 बजे शुरू होगा।

भाषा सुधीर मोना

मोना