शॉटगन विश्व कप में भारतीय स्कीट निशानेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन

शॉटगन विश्व कप में भारतीय स्कीट निशानेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन

शॉटगन विश्व कप में भारतीय स्कीट निशानेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन
Modified Date: July 7, 2026 / 09:38 pm IST
Published Date: July 7, 2026 9:38 pm IST

लोनाटो (इटली), सात जुलाई (भाषा) ओलंपियन मैराज अहमद खान मंगलवार को यहां आईएसएसएफ निशानेबाजी विश्व कप (शॉटगन) में पुरुषों की स्कीट स्पर्धा में अपनी मजबूत स्थिति गंवाकर 16वें स्थान पर रहे और फाइनल में जगह नहीं बना पाए। वह कल के क्वालीफाइंग दौर के बाद संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर थे।

आठ निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में शामिल रहे मैराज तीन दौर के बाद 75 में से 74 के स्कोर के साथ कम से कम एक दर्जन अन्य निशानेबाजों के साथ संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर थे।

मैराज ने अंतिम दिन दो दौर में 25 और 23 के स्कोर बनाए। उन्होंने 24, 25, 25, 25 और 23 अंक के साथ कुल 122 का स्कोर किया जो फाइनल में जगह पक्की करने के लिए काफी नहीं था।

भवतेग सिंह गिल 120 के कुल स्कोर के साथ 45वें स्थान पर रहे जबकि अनंतजीत सिंह नरुका 118 के स्कोर के साथ 72वें स्थान पर रहे।

पुरुषों की स्कीट स्पर्धा में हिस्सा ले रहे अन्य भारतीय ज्योतिरादित्य सिंह सिसोदिया और सुखबीर सिंह हरिका क्रमशः 103वें और 105वें स्थान पर रहे।

महिलाओं की स्कीट स्पर्धा में युवा परिनाज धालीवाल ने अच्छी प्रगति की लेकिन फाइनल में जगह नहीं बना पाईं। वह 118 के कुल स्कोर के साथ 13वें स्थान पर रहीं जबकि रेजा ढिल्लों ने 116 के स्कोर के साथ 25वा स्थान हासिल किया।

भाषा सुधीर मोना

मोना


लेखक के बारे में