मैराज विश्व कप में भारतीय स्कीट निशानेबाजों में शीर्ष पर

मैराज विश्व कप में भारतीय स्कीट निशानेबाजों में शीर्ष पर

मैराज विश्व कप में भारतीय स्कीट निशानेबाजों में शीर्ष पर
Modified Date: July 6, 2026 / 09:19 pm IST
Published Date: July 6, 2026 9:19 pm IST

लोनाटो (इटली), छह जुलाई (भाषा) युवा स्कीट निशानेबाज परिनाज धालीवाल सोमवार को आईएसएसएफ विश्व कप (शॉटगन) के दूसरे दिन महिलाओं की स्कीट स्पर्धा के क्वालीफिकेशन के चार दौर के बाद संयुक्त रूप से 23वें स्थान के साथ भारतीय निशानेबाजों में शीर्ष पर हैं और क्वालीफिकेशन का सिर्फ एक दौर बाकी होने के कारण फाइनल में जगह बनाने की उनकी राह काफी मुश्किल होगी।

परिनाज ने दूसरे दिन 22 और 24 के स्कोर किए। पहले दिन के 24 और 23 के स्कोर को मिलाकर उनका कुल स्कोर 100 में से 93 रहा और वह छह अन्य निशानेबाजों के साथ बराबरी पर रहीं।

इस स्पर्धा में शामिल दो अन्य भारतीय ओलंपियन रेजा ढिल्लों और माहेश्वरी चौहान दोनों 91 के समान स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 34वें स्थान पर मौजूद 13 निशानेबाजों में शामिल हैं।

शीर्ष आठ निशानेबाज ही फाइनल में जगह बनाएंगे।

पुरुषों की स्कीट स्पर्धा में क्वालीफिकेशन का चौथा दौर चल रहा था जिसमें ओलंपियन मैराज अहमद खान आठ निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में थे। तीन दौर के बाद 75 में से 74 के स्कोर के साथ वह कम से कम एक दर्जन अन्य निशानेबाजों के साथ संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर थे।

शीर्ष छह निशानेबाजों ने 75 का परफेक्ट स्कोर किया है जिनमें अमेरिका के चार बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता विन्सेंट हैनकॉक भी शामिल हैं।

इस स्पर्धा में हिस्सा ले रहे अन्य भारतीय भवतेघ सिंह गिल और ओलंपियन अनंतजीत सिंह नरुका तीन दौर के बाद 72-72 का स्कोर ही बना पाए और उनके लिए शीर्ष आठ में जगह बनाना एक मुश्किल चुनौती है।

भाषा सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में