भारतीय महिला टीम की हर गेंदबाज के लिए कार्यभार प्रबंधन की योजना: अविष्कार साल्वी

भारतीय महिला टीम की हर गेंदबाज के लिए कार्यभार प्रबंधन की योजना: अविष्कार साल्वी

भारतीय महिला टीम की हर गेंदबाज के लिए कार्यभार प्रबंधन की योजना: अविष्कार साल्वी
Modified Date: September 2, 2026 / 09:24 pm IST
Published Date: September 2, 2026 9:24 pm IST

दुबई, दो सितंबर (भाषा) भारतीय महिला क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच अविष्कार साल्वी ने बुधवार को कहा कि टीम की हर गेंदबाज के लिए कार्यभार प्रबंधन की योजना बनाई गई है और उसे अच्छी तरह लागू किया जा रहा है।

भारत ने महिला टी20 एशिया कप में थाईलैंड के खिलाफ मैच में अपनी प्रमुख गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर को आराम दिया था और इस मुकाबले में 94 रन से जीत दर्ज की थी। इस मैच में दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन रन देकर कोई विकेट नहीं लिया था।

साल्वी ने हांगकांग के खिलाफ मैच से एक दिन पहले मीडिया से कहा, ‘‘यह सिर्फ रेणुका के बारे में नहीं है, बल्कि टीम की सभी गेंदबाजों के बारे में है। हम सभी की गेंदबाजी का बोझ अच्छी तरह संभाल रहे हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप देखें कि इन खिलाड़ियों ने हाल के समय में कितने टूर्नामेंट खेले हैं, तो वे लगातार क्रिकेट खेल रही हैं। वे बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं। इसके अलावा बड़े स्तर के टूर्नामेंट और उनके बीच ट्रेनिंग शिविर भी होते हैं। ’’

साल्वी ने कहा, ‘‘हर गेंदबाज के लिए पहले तैयारी और फिटनेस बढ़ाने का दौर होता है। इसके बाद फिटनेस को बनाए रखने का समय आता है। बीच-बीच में उन्हें आराम करने और ट्रेनिंग पर ध्यान देने का मौका भी दिया जाता है। सभी गेंदबाजों के लिए एक तय योजना है। इसके तहत उन्हें जरूरत के हिसाब से ओवर गेंदबाजी कराई जाती है, ताकि टूर्नामेंट के दौरान वे पूरी तरह फिट और अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए तैयार रहें। ’’

साल्वी ने थाईलैंड के खिलाफ भारत की बल्लेबाजी के दौरान हुए अचानक गिरावट को ज्यादा महत्व नहीं दिया। भारत ने दो विकेट पर 108 रन के स्कोर से नौ विकेट पर 137 रन तक पहुंचते हुए सिर्फ 29 रन के अंदर सात विकेट गंवा दिए थे।

साल्वी ने कहा, ‘‘हम टी20 क्रिकेट खेल रहे हैं। ऐसा नहीं है कि हम हर बार अपनी बनाई हुई रणनीति को पूरी तरह लागू कर पाएंगे। कभी-कभी हम अपनी योजना को उतनी अच्छी तरह लागू नहीं कर पाएंगे, जितना हम चाहते हैं। ऐसे में टीम के प्रदर्शन में गिरावट आ सकती है। ’’

शेफाली वर्मा (64 रन) के तेज अर्धशतक ने भारत को शुरुआत में तेजी दी। इसके बाद क्रांति गौड़ ने नाबाद 15 रन बनाकर भारत का स्कोर नौ विकेट पर 159 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

साल्वी ने कहा, ‘‘लेकिन अगर आप देखें तो टीम ने वापसी भी की। खिलाड़ियों ने बहुत अच्छी तरह वापसी की और अंत में साझेदारी को आगे बढ़ाया। निचले क्रम की बल्लेबाजों ने महत्वपूर्ण रन बनाए जिससे टीम करीब 160 रन के स्कोर तक पहुंच सकी। इसके बाद आपने देखा कि गेंदबाजों ने मैच में किस तरह शानदार प्रदर्शन किया। ’’

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में