खेलों में मेजबान के तौर पर बढ रही है भारत की साख : मांडविया
खेलों में मेजबान के तौर पर बढ रही है भारत की साख : मांडविया
नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को कहा कि वैश्विक खेल समुदाय में भारत के बढते कद की बानगी इससे मिलती है कि भारत में होने वाले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की संख्या बढती जा रही है ।
भारत ने पिछले कुछ अर्से में कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की मेजबानी की है जिसमें विश्व चैम्पियनशिप भी शामिल है ।
मांडविया ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों के लिये भारतीय दल के विदाई समारोह में कहा ,‘‘ खेल आगे बढ रहा है और यही वजह है कि भारत पर दुनिया का भरोसा बढ रहा है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ एक समय था जब महासंघ विश्व और अंतरराष्ट्रीय महासंघों से भारत में एशियाई खेल, एशियाई चैम्पियनशिप, विश्व चैम्पियनशिप के आयोजन के लिये कहते थे लेकिन उन्हें भारत के सामर्थ्य पर संदेह रहता था ।’’
खेल मंत्री ने कहा कि जनवरी 2025 से जून 2026 के बीच भारत में 36 अंतरराष्ट्रीय स्पर्धायें हुई । इस साल बाकी छह महीने में नौ अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट भारत में होने हैं । इसके अलावा 2027 . 28 के बीच 19 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट भारत में होंगे । अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में भारत की साख बढ रही है ।’’
मांडविया ने कहा कि सरकार इसके पूरे प्रबंध कर रही है कि खिलाड़ियों को सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहे ।
23 जुलाई से शुरू हो रहे राष्ट्रमंडल खेलों के बारे में उन्होंने कहा ,‘‘ ग्लास्गो में हमारे सर्वश्रेष्ठ खेलों में से दस नहीं है लेकिन खेल तो खेल है । हमें यकीन है कि हमारे खिलाड़ी पूरे उत्साह से खेलेंगे और देश को गौरवान्वित करके विश्व खेल जगत में भारत की छवि और मजबूत करेंगे ।’’
भाषा मोना सुधीर
सुधीर

Facebook


