कोल्हापुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनेगा
कोल्हापुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनेगा
मुंबई, 21 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को कोल्हापुर जिला क्रिकेट संघ (केडीसीए) के साथ सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जिसके तहत कोल्हापुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा और इसे विश्व स्तरीय सुविधाओं वाले बहु खेल केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
एमओयू पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री तथा खेल मंत्री सुनेत्रा पवार की मौजूदगी में यहां मंत्रालय में हस्ताक्षर किए गए।
करार के तहत सरकार ने परियोजना के लिए करवीर तालुका के विकासवाड़ी में 12.76 हेक्टेयर (31.90 एकड़) जमीन केडीसीए को लीज पर स्थानांतरित की है।
सरकार के मुताबिक स्टेडियम में लगभग 35 हजार लोगों के बैठने की क्षमता होगी और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) तथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के नियमों के हिसाब से बनाया जाएगा।
सरकार ने विज्ञप्ति में कहा कि इस परिसर को एक बहु खेल केंद्र के तौर पर विकसित किया जाएगा और इसमें मुक्केबाजी, जूडो, तीरंदाजी, कुश्ती, तैराकी, टेबल टेनिस और तलवारबाजी की सुविधाएं भी मिलेंगी।
भाषा सुधीर मोना
मोना

Facebook


