ईरान के विश्व कप मैच से पहले बंटे ईरानी अमेरिकी प्रशंसक
ईरान के विश्व कप मैच से पहले बंटे ईरानी अमेरिकी प्रशंसक
इंगलवुड (अमेरिका), 15 जून (एपी) ईरानी अमेरिकी प्रशंसक विश्व कप फुटबॉल में ईरान की भागीदारी को लेकर बंटे हुए हैं। समुदाय के कुछ सदस्य जहां सोमवार का मैच देखने की योजना बना रहे हैं तो वहीं कुछ उस स्टेडियम के बाहर विरोध-प्रदर्शन करने की योजना बना रहे हैं जहां टीम खेलेगी।
लॉस एंजिलिस के पास स्टेडियम के बाहर एक रैली की योजना बनाई गई है। यह इलाका ईरान के बाहर सबसे बड़े ईरानी समुदाय का घर है। दक्षिणी कैलिफोर्निया के कई ईरानी अमेरिकी इस्लामिक क्रांति के बाद यहां आए थे और स्टेडियम से लगभग 10 मील (16 किमी) दूर रेस्तरां, दुकानों और बाजारों का एक केंद्र है जिसे ‘तेहरानजिलिस’ के नाम से जाना जाता है।
रैली में शामिल होने वाले लोग ‘शेर और सूरज’ वाली टी-शर्ट पहनने और 1979 की इस्लामिक क्रांति से पहले वाले देश के झंडे को लहराने की योजना बना रहे हैं जिससे कि तेहरान द्वारा जनवरी में विरोधियों के खिलाफ की गई घातक कार्रवाई का विरोध किया जा सके।
कैलिफोर्निया की ऑरेंज काउंटी में रहने वाले ईरान में जन्में 59 वर्षीय सलाहकार अली जवाहेरी ने कहा कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ ईरान के शुरुआती मैच के दौरान स्टेडियम के अंदर बैठकर मैच देखने के बजाय बाहर विरोध-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि फुटबॉल और राजनीति आपस में जुड़े हुए हैं और हालांकि उन्हें यह खेल पसंद है लेकिन उनका कहना है कि राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों पर ईरानी सरकार के रुख को मानने का दबाव है।
जवाहेरी ने कहा, ‘‘यह ‘टीम मेली’ नहीं है, जैसा कि फारसी में राष्ट्रीय टीम को जाना जाता है। यह ‘टीम इस्लामिक गणराज्य’ है।’’
टूर्नामेंट में ईरान की भागीदारी विवादों से घिरी रही है क्योंकि देश का अमेरिका और इजरायल की सेनाओं के साथ संघर्ष चल रहा है।
प्रवासी समुदाय के कई लोगों के मन में इस बात को लेकर मिलीजुली भावनाएं हैं कि फुटबॉल के प्रति अपने प्यार के जरिए ईरानी लोगों का समर्थन कैसे किया जाए।
टीम के कप्तान मेहदी तारेमी ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘हम हर ईरानी के लिए खेलते हैं, चाहे वे प्रवासी हों या ईरान में हों। लोगों की अलग-अलग राय होती है लेकिन हम लोगों को एकजुट करने के लिए यहां हैं और हम सभी ईरानियों के लिए खुशी लाने की कोशिश करेंगे, चाहे वे कहीं भी रहते हों।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम राजनीति में शामिल नहीं होते हैं। हम फुटबॉल खेलने के लिए यहां हैं।’’
एक अन्य प्रशंसक 57 साल के रजा गाराजेदाघी ने कहा कि वह सेन डियागो में अपने 96 साल के पिता के साथ मैच देखेंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने मैच के टिकट नहीं खरीदे क्योंकि उनकी कीमतें बहुत अधिक थीं। लेकिन उन्होंने कहा कि राजनीति से हटकर वह टीम का समर्थन करते हैं और साथ ही विदेशों में रहने वाले ईरानियों की अलग-अलग राय का भी सम्मान करते हैं।
दस साल की उम्र में ईरान छोड़कर आए गाराजेदाघी ने कहा, ‘‘मैं फुटबॉल का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं और ये खिलाड़ी दुनिया भर के सभी फारसी और ईरानी लोगों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। मेरे लिए इसका ईरान की सरकार से कोई लेना-देना नहीं है।’’
एपी सुधीर
सुधीर

Facebook


