ओमान के खिलाफ आयरलैंड के कप्तान स्टर्लिंग को करना होगा प्रेरणादायी प्रदर्शन
ओमान के खिलाफ आयरलैंड के कप्तान स्टर्लिंग को करना होगा प्रेरणादायी प्रदर्शन
कोलंबो, 13 फरवरी (भाषा) आयरलैंड की लगातार दो हार के बाद सुपर आठ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो चुकी हैं लेकिन शनिवार को यहां ओमान के खिलाफ होने वाले टी20 विश्व कप मैच में वह अपने कप्तान पॉल स्टर्लिंग से प्रेरणादायी प्रदर्शन की उम्मीद करके जीत हासिल करना चाहेगा।
दोनों टीमों ने अब तक अपने दोनों मैच में हार का सामना किया है और वे टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज करने के लिए बेताब होंगी।
आयरलैंड को सह-मेजबान श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया से क्रमशः 20 और 67 रन से हार का सामना करना पड़ा, वहीं ओमान को जिम्बाब्वे ने आठ विकेट से और श्रीलंका ने 105 रन से करारी शिकस्त दी।
बड़े टूर्नामेंटों में खेलने के अनुभव के आधार पर आयरलैंड की टीम ओमान के खिलाफ जीत के दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी। ओमान की टीम में अधिकतर भारतीय और पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी शामिल हैं।
आयरलैंड को अच्छी तरह पता है कि टूर्नामेंट में बने रहने की अपनी धुंधली उम्मीद को बरकरार रखने के लिए उसे बड़ी जीत हासिल करनी होगी, जबकि ओमान दो करारी हार के बाद अपनी काबिलियत साबित करने की कोशिश करेगा।
आयरलैंड की बल्लेबाजी कमजोर रही है और स्टर्लिंग अभी तक टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। बड़ा स्कोर बनाने के लिए वह कप्तान की फॉर्म पर काफी हद तक निर्भर करेगा।
आयरलैंड के बल्लेबाजी विभाग को मजबूत करने के लिए रॉस एडायर, हैरी टेक्टर, लोरकान टकर और कर्टिस कैम्फर जैसे खिलाड़ियों को अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने की जरूरत है।
बाएं हाथ के स्पिनर जॉर्ज डॉकरेल अब तक टूर्नामेंट में आयरलैंड के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने किफायती गेंदबाजी करने के अलावा विकेट भी लिए हैं लेकिन उन्हें तेज गेंदबाज मार्क एडायर और बैरी मैकार्थी तथा और स्पिनर मैथ्यू हम्फ्रीज और गैरेथ डेलानी जैसे गेंदबाजों से सहयोग की जरूरत है।
दूसरी ओर ओमान के पास खोने के लिए कुछ भी नहीं है लेकिन आयरलैंड के खिलाफ जीत हासिल करना उसके लिए बड़ी उपलब्धि होगी। इन दोनों टीमों के बीच अभी तक पांच मैच खेले गए हैं जिनमें आयरलैंड ने चार बार जीत हासिल की है, जबकि ओमान ने अक्टूबर 2019 में एक जीत दर्ज की थी।
ओमान भी बल्लेबाजी में संघर्ष कर रहा है। उसने जिम्बाब्वे और श्रीलंका के खिलाफ क्रमशः 103 और नौ विकेट पर 120 रन बनाए।
ओमान को जतिंदर सिंह, आमिर कलीम, हम्माद मिर्जा और बड़े शॉट लगाने वाले विनायक शुक्ला जैसे बल्लेबाजों से दमदार प्रदर्शन करने की जरूरत है।
मोहम्मद नदीम ने श्रीलंका के खिलाफ अकेले ही संघर्ष किया और अर्धशतक बनाया। ओमान को अगर आयरलैंड को हराना है तो उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
टीम इस प्रकार हैं:
आयरलैंड: पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), मार्क एडायर, रॉस एडायर, बेन कैलिट्ज़, कर्टिस कैम्फर, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हम्फ्रीज़, जोश लिटिल, बैरी मैकार्थी, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर, लोरकान टकर (विकेटकीपर), बेन व्हाइट, क्रेग यंग।
ओमान: जतिंदर सिंह (कप्तान), आमिर कलीम, हम्माद मिर्जा, वसीम अली, करण सोनावाले, जितेन रामानंदी, विनायक शुक्ला (विकेटकीपर), सुफियान महमूद, नदीम खान, शाह फैसल, शकील अहमद, मोहम्मद नदीम, जय ओडेदरा, आशीष ओडेदरा, शफीक जान।
मैच सुबह 11 बजे शुरू होगा।
भाषा
पंत
पंत

Facebook


