पहले छह दिन पृथकवास पर रहना बहुत मुश्किल था : धोनी

पहले छह दिन पृथकवास पर रहना बहुत मुश्किल था : धोनी

पहले छह दिन पृथकवास पर रहना बहुत मुश्किल था : धोनी
Modified Date: November 29, 2022 / 08:47 pm IST
Published Date: September 19, 2020 2:48 pm IST

अबुधाबी, 19 सितंबर (भाषा) चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के उदघाटन मैच से पूर्व शनिवार को यहां कहा कि परिवार के साथ पांच महीने बिताने के बाद यहां पहले छह दिन पृथकवास में रहना सबसे मुश्किल दौर था।

इस बार आईपीएल से पूर्व चेन्नई टीम के 13 सदस्य कोविड-19 से संक्रमित पाये गये थे जिनमें दो खिलाड़ी भी शामिल थे। इसके बाद सुरेश रैना और हरभजन सिंह भी निजी कारणों से टूर्नामेंट से हट गये थे।

दिशानिर्देशों के अनुसार टीमों को यूएई पहुंचने पर छह दिन तक पृथकवास पर रहना पड़ा था, लेकिन दीपक चाहर और रुतुराज गायकवाड़ सहित कुल 13 मामलों के पॉजीटिव पाये जाने के कारण चेन्नई का पृथकवास एक सितंबर तक बढ़ गया था।

धोनी ने टास जीतने के बाद कहा, ‘‘पृथकवास के पहले छह दिन काफी मुश्किल थे। आप अपने परिवार के साथ रहते हो और अचानक ही आपको कमरे में अलग थलग रहना पड़ता है। लगता है कि हर किसी ने यह समय अच्छी तरह से बिताया और कोई निराश नहीं है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘पहले 14 दिन के बाद मैदान पर उतरकर अच्छा लगा। अभ्यास की सुविधाएं बहुत अच्छी थी। ’’

धोनी ने 15 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के कारण लगाये गये लॉकडाउन के दौरान उन्होंने अपनी फिटनेस पर ध्यान दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘लॉकडाउन के दौरान खुद को फिट रखने के लिये काम करने की स्वतंत्रता थी।’’

भाषा

पंत नमिता

नमिता


लेखक के बारे में