वनडे विश्व कप में सुपरस्पोर्ट पार्क में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलना रोमांचक होगा: रीलोफ

Ads

वनडे विश्व कप में सुपरस्पोर्ट पार्क में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलना रोमांचक होगा: रीलोफ

  •  
  • Publish Date - September 4, 2026 / 04:58 PM IST,
    Updated On - September 4, 2026 / 04:58 PM IST

नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) नीदरलैंड के 41 वर्षीय ऑलराउंडर रीलोफ वान डर मर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने शानदार सफर को सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में समाप्त करना चाहते हैं जो कभी दक्षिण अफ्रीका में उनका घरेलू मैदान हुआ करता था।

रीलोफ ने 2015 में दक्षिण अफ्रीका छोड़ दिया था और वह नीदरलैंड की टीम से जुड़ गए थे। उन्होंने पीटीआई के साथ वर्चुअल बातचीत में कहा कि अगर नीदरलैंड की टीम वनडे विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका को हरा देती है तो उनकी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार अंत की कहानी में और रोमांच जुड़ जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘विश्व कप में जगह बनाने के लिए हमें अभी भी कुछ बाधाओं को पार करना है। अभी हमारे सामने कई चुनौतियां हैं लेकिन हमारे पास एक अच्छी टीम है और हमारे पास इसे हासिल करने के लिए एक अच्छा ढांचा भी है।’’

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दो टीमों से खेलने वाले चुनिंदा क्रिकेटरों में शामिल रीलोफ ने कहा, ‘‘विश्व कप मेरे लिए अविश्वसनीय टूर्नामेंट होगा। अगर यह मेरा आखिरी विश्व कप होता है तो शायद सुपरस्पोर्ट पार्क में इसका समापन करना, शायद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलना, यह सब सपने जैसा होगा।’’

यदि नीदरलैंड क्वालीफाई कर लेता है, तो उसे आईसीसी प्रतियोगिता में तीसरी बार दक्षिण अफ्रीका को हराने का पूरा भरोसा होगा।

रीलोफ इस समय यूरोप की पहली फ्रेंचाइजी टी20 लीग, यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वे रॉटरडैम डॉकर्स के लिए खेल रहे हैं।

जोहानिसबर्ग में जन्में रीलोफ ने कहा, ‘‘अभी मैं यह नहीं कहूंगा की फ्रेंचाइजी क्रिकेट मेरा मुख्य लक्ष्य है। मैं एक और विश्व कप खेलना चाहता हूं। अगला विश्व कप 50 ओवर का होगा। मैं निश्चित रूप से दक्षिण अफ्रीका में ही अपने करियर का अंत करना चाहूंगा। अगर ऐसा होता है तो मेरे लिए अच्छा होगा क्योंकि मैंने अपने करियर की शुरूआत वहीं की थी लेकिन अभी कुछ भी निश्चित नहीं है।’’

भाषा

पंत नमिता

नमिता