लगातार तीसरी बार विश्व कप फुटबॉल में जगह बनाने से चूका इटली

लगातार तीसरी बार विश्व कप फुटबॉल में जगह बनाने से चूका इटली

लगातार तीसरी बार विश्व कप फुटबॉल में जगह बनाने से चूका इटली
Modified Date: April 1, 2026 / 10:00 am IST
Published Date: April 1, 2026 10:00 am IST

जेनिका (बोस्निया), एक अप्रैल (एपी) फुटबॉल की महाशक्तियों में से एक चार बार का चैंपियन इटली मंगलवार को यूरोपीय प्लेऑफ में विश्व रैंकिंग में 66वें स्थान पर काबिज बोस्निया हर्जेगोविना से पेनल्टी शूटआउट में हारने के कारण लगातार तीसरी बार विश्व कप फुटबॉल के लिए क्वालीफाई करने से चूक गया।

इटली की शुरुआत अच्छी रही थी। उसकी तरफ से मोइसे कीन ने शुरुआती गोल किया, लेकिन हाफ टाइम से पहले उसके सेंटर बैक एलेसांद्रो बास्तोनी को लाल कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया।

इटली के सामने 10 खिलाड़ियों से खेलने के कारण अपनी बढ़त को बनाए रखने की बड़ी चुनौती थी जिसमें वह नाकाम रहा जबकि बोस्निया ने इसका पूरा फायदा उठाया। उसके स्थानापन्न खिलाड़ी हारिस तबकोविच ने 79वें मिनट में बराबरी का गोल करके मैच को 1-1 के स्कोर से अतिरिक्त समय में पहुंचा दिया।

फुटबॉल विश्व कप में इटली का गौरवशाली इतिहास रहा है लेकिन उसकी टीम अब अपने न्यूनतम स्तर पर पहुंच गई है क्योंकि पिछले दो विश्व कप के क्वालीफाइंग प्लेऑफ में उसे क्रमशः स्वीडन और उत्तरी मैसेडोनिया ने बाहर कर दिया था।

इटली के कोच जेन्नारो गट्टूसो ने कहा, ‘‘यह कहना बहुत आसान है कि टीम के लिए क्या सही है और क्या गलत। सच्चाई यह है कि इटली तीन विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने में असफल रहा है। राष्ट्रीय टीम और क्लब दोनों के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने में हमें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।’’

बोस्निया ने शूटआउट में 4-1 से जीत हासिल की और 2014 के बाद पहली बार विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया। यह केवल दूसरा अवसर है जबकि उसने विश्व कप में जगह बनाई।

पेनल्टी शूटआउट में इटली के पियो एस्पोसिटो और ब्रायन क्रिस्टांटे अपने शॉट चूक गए जबकि अमेरिका में जन्मे एस्मीर बज्रक्तरेविच ने बोस्निया के लिए निर्णायक पेनल्टी को गोल में बदल दिया।

इटली के डिफेंडर लियोनार्डो स्पिनज़ोला ने कहा, ‘‘हमें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि हम टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं और वह भी इस तरह से। यह सबके लिए निराशाजनक है। हमारे लिए, हमारे परिवारों के लिए और उन सभी बच्चों के लिए जिन्होंने कभी इटली को विश्व कप में खेलते नहीं देखा।’’

इटली के बाहर होने का मतलब है कि 1934, 1938, 1982 और 2006 का चैंपियन विश्व कप में कम से कम 16 साल तक एक भी मैच नहीं खेल पाएगा। इटली इससे पहले 2010 और 2014 में विश्व कप में ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाया था।

यूरोपीय प्लेऑफ फाइनल में जीत हासिल करके स्वीडन, तुर्किए और चेक गणराज्य ने भी विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया। स्वीडन ने पोलैंड को 3-2 से, तुर्किए ने कोसोवो को 1-0 से और चेक गणराज्य ने डेनमार्क को पेनल्टी शूटआउट में 3-1 से हराया।

एपी

पंत

पंत


लेखक के बारे में