अय्यर और अभिषेक के अर्धशतकों से भारत के सात विकेट पर 189 रन
अय्यर और अभिषेक के अर्धशतकों से भारत के सात विकेट पर 189 रन
चेस्टर ली स्ट्रीट, एक जुलाई (भाषा) अभिषेक शर्मा (59) और कप्तान श्रेयस अय्यर (68) के अर्धशतकों की मदद से भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ बुधवार को पहले टी20 मैच में सात विकेट पर 189 रन बनाये ।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनने वाली भारतीय टीम की शुरूआत खराब रही ।
टी20 विश्व चैम्पियन टीम ने एक बार फिर संजू सैमसन का विकेट जल्दी गंवा दिया जो साकिब महूमूद की गेंद पर प्वाइंट में टॉम बेंटोन को कैच दे बैठे । ईशान किशन भी अभिषेक के साथ हुई गलतफहमी के कारण रन आउट हो गए जब स्कोर बोर्ड पर सिर्फ छह रन टंगे थे ।
इंग्लैंड के लिये साकिब ने 33 रन देकर तीन विकेट लिये ।
आयरलैंड से 0 . 2 से श्रृंखला हारकर आई भारतीय टीम उसी कहानी को दोहराती दिखी लेकिन अभिषेक ने टीम को दबाव से निकाला । उन्होंने महमूद के ओवर में एक चौका और दो छक्के लगाये और अय्यर ने भी एक चौका जड़कर चौथे ओवर में 21 रन निकाले ।
महमूद ने अभिषेक को शॉर्टपिच गेंदें डाली लेकिन वह इसके लिये तैयार थे और बेहतरीन पूल शॉट लगाये ।
तीसरे विकेट के लिये अभिषेक और अय्यर ने 82 रन की साझेदारी की । अभिषेक ने मार्क वुड को लगातार तीन चौके लगाये जिससे पावरप्ले के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 61 रन था ।
पावरप्ले के बाद भी अभिषेक ने उसी रफ्तार से खेलना जारी रखा और 20 गेंद में अर्धशतक पूरा कर दिया । इसके बाद वह हालांकि सैम कुरेन की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए ।
इसके बाद अय्यर ने मोर्चा संभालकर बतौर कप्तान पहला टी20 अर्धशतक लगाया । उन्होंने लेग स्पिनर आदिल रशीद को चौका लगाया और वुड को एक्स्ट्रा कवर में छक्का जड़ा । उन्होंने 38 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन वह भी इसके बाद ज्यादा देर टिक नहीं सके और महूमूद की गेंद पर पगबाधा आउट हुए ।
शिवम दुबे ने आखिर में 21 गेंद में 42 रन बनाकर भारत को 189 रन तक पहुंचाया ।
भाषा मोना
मोना

Facebook


