जम्मू-कश्मीर को शीतकालीन खेलों के लिए ‘नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ मिलेगा : मांडविया

Ads

जम्मू-कश्मीर को शीतकालीन खेलों के लिए ‘नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ मिलेगा : मांडविया

  •  
  • Publish Date - February 26, 2026 / 07:01 PM IST,
    Updated On - February 26, 2026 / 07:01 PM IST

गुलमर्ग, 26 फरवरी (भाषा) खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने बृहस्पतिवार को कहा कि शीतकालीन खेलों को बढ़ावा देने के लिए जम्मू-कश्मीर में एक ‘नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ बनाया जाएगा और साथ ही घोषणा की कि ‘खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों’ के भविष्य के चरणों को 15 दिन तक बढ़ाया जाएगा।

मांडविया ने इस साल के खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों के दूसरे चरण के समापन समारोह पर यहां इस इलाके को मुख्य वैश्विक शीतकालीन खेल हब बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

गुलमर्ग गोल्फ कोर्स में अपने भाषण के दौरान मांडविया ने कहा, ‘‘कश्मीर की जमीं में बहुत संभावनाएं है। यहां एक ‘नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ बनाया जाएगा। आने वाले समय में गुलमर्ग शीतकालीन खेलों का वैश्विक हब होगा। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब शीतकालीन खेल सिर्फ चार दिन तक सीमित नहीं रहेंगे। पर्यटन को जोड़कर हम 15 दिन लंबे शीतकालीन खेल आयोजित करेंगे जिसमें ‘फिट इंडिया महोत्सव’, सांस्कृतिक कार्यक्रम के अलावा कई स्पर्धाएं शामिल होंगी। मैं गुलमर्ग में 15 दिन के महोत्सव के लिए पूरी तरह तैयार हूं।’’

मांडविया ने खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों चैंपियनशिप का खिताब बरकरार रखने के लिए भारतीय सेना की टीम को बधाई दी जिसने 23 पदक जीते जिसमें नौ स्वर्ण, छह रजत और आठ कांस्य पदक शामिल हैं।

उन्होंने विजेता के अलावा उप विजेता हिमाचल प्रदेश (तीन स्वर्ण, सात रजत और एक कांस्य पदक से 14 पदक) और तीसरे स्थान पर रही हरियाणा को भी ट्रॉफी प्रदान की।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर