ह्यूस्टन, 30 जून (एपी) जापान को पहले भी विश्व कप फुटबॉल के नॉकआउट राउंड में हार से दिल टूटने का अनुभव है और हर बार की तरह इस बार भी उसने अगली बार इससे बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।
जापान को पहले हाफ में बढ़त बनाने के बावजूद पांच बार के चैंपियन ब्राजील से इंजरी टाइम के गोल के कारण 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। उसकी टीम एक बार फिर से आखिर तक डटी रही, लेकिन टूर्नामेंट से बाहर हो गई। यह लगातार तीसरी बार है जब जापान नॉकआउट राउंड में बढ़त बनाने के बावजूद हार गया।
जापान इससे पहले चार अवसरों पर नॉकआउट में जीत हासिल नहीं कर पाया लेकिन उसके कोच हाजिमे मोरियासु ने अगले विश्व कप में इससे बेहतर प्रदर्शन करने को अपना लक्ष्य बनाया है।
मोरियासु ने कहा , ‘‘हम इस बार अपना लक्ष्य हासिल नहीं कर पाए, लेकिन हम अगले विश्व कप या शायद उसके बाद वाले विश्व कप के लिए लक्ष्य बना सकते हैं। हमें उस लक्ष्य को हासिल करने के लिए अभी से काम करना चाहिए और हम यही कर रहे हैं।’’
चार साल पहले जापान ने शुरुआती बढ़त बनाई थी लेकिन आखिर में राउंड ऑफ़ 16 में क्रोएशिया से पेनल्टी शूटआउट में हार गया था। यही नहीं 2018 में भी अंतिम 16 में उसे इसी तरह की हार का सामना करना पड़ा था जब वह दूसरे हाफ में बेल्जियम से 2-0 से आगे था लेकिन स्टॉपेज टाइम के गोल के कारण 3-2 से हार गया था।
मोरियासु ने कहा, ‘‘किस्मत ने फिर से हमारा साथ नहीं दिया लेकिन हमें उम्मीद है कि ऐसा समय आएगा जब किस्मत हमारे साथ होगी और हम इतिहास रचने में सफल रहेंगे।’’
एपी
पंत सुधीर
सुधीर