मुंबई, 30 जून (भाषा) सेंसेक्स और निफ्टी में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। अमेरिका और ईरान के बीच दोहा में प्रस्तावित अगले दौर की वार्ता को लेकर बनी अनिश्चितता से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।
विदेशी निवेशकों की ताजा बिकवाली से भी बाजार की धारणा प्रभावित हुई।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती बढ़त के साथ खुला, हालांकि जल्द ही बढ़त गंवाता हुआ 103.95 अंक टूटकर 76,624.42 अंक पर आ गया। एनएसई निफ्टी 40.10 अंक फिसलकर 23,908.80 अंक पर रहा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), टाटा स्टील, एचसीएल टेक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और इटर्नल के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं, मारुति, एक्सिस बैंक, पावर ग्रिड और भारती एयरटेल के शेयर बढ़त में रहे।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं जबकि हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहा।
अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। नैस्डैक कम्पोजिट 2.07 प्रतिशत और एसएंडपी 500 1.18 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ था।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.56 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72.74 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,350.1 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
सेंसेक्स सोमवार को 372.10 अंक और निफ्टी 109.75 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
भाषा निहारिका
निहारिका