भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव को हिंदू बनाम मुस्लिम का मुकाबला बनाना चाहती है:शिवपाल

Ads

भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव को हिंदू बनाम मुस्लिम का मुकाबला बनाना चाहती है:शिवपाल

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 11:01 AM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 11:01 AM IST

मऊ (उप्र), 23 सितंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी के महासचिव शिवपाल यादव ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी चाहती है कि वर्ष 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव हिंदू-मुस्लिम का मुकाबला बन जाये।

आजमगढ़ से देवरिया जाते समय यहां शिवपाल यादव ने कहा, “सपा इससे विचलित नहीं होगी और विकास तथा सामाजिक न्याय के मुद्दों पर ही टिकी रहेगी। भाजपा हर चुनाव को हिंदू बनाम मुस्लिम बनाकर लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटकाना चाहती है, लेकिन हम इससे विचलित नहीं होंगे।”

उन्होंने कहा कि सपा पिछड़े वर्गों, दलितों और अल्पसंख्यकों की आवाज उठाती रहेगी। भाजपा का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव करने वालों को 2027 में सबक सिखाया जाना चाहिए।

प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बुलडोजर की कार्रवाई पर यादव ने आरोप लगाया कि सरकार मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए जानबूझकर अल्पसंख्यकों और पिछड़े वर्गों को निशाना बना रही है। ऐसी कार्रवाई संविधान को कुचलने और कुछ समुदायों को पिछड़ा बनाने की कोशिश है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष को पीड़ितों से मिलने से रोककर सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है और जहां भी अन्याय होगा, सपा पीड़ितों के साथ खड़ी रहेगी।

यादव ने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में मजबूती से जुटने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार में जनता की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि खाद और बिजली आपूर्ति की समस्या है और नहरों में पानी नहीं है। यादव ने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ा है।

आजम खान को लेकर उन्होंने कहा कि आजम खान 10 बार के विधायक और दो बार के सांसद रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें छोटे-छोटे और झूठे मुकदमों में फंसा रही है।

घोसी से सपा सांसद राजीव राय ने भाजपा पर हिंदुत्व के नाम पर धार्मिक उन्माद फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया।

उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए मिले चंदे को लेकर भी भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए।

भाषा सं राजेंद्र संतोष

संतोष