ज्योति और ऋषभ की जोड़ी कोरिया से एक अंक से हारी, रजत पदक मिला

Ads

ज्योति और ऋषभ की जोड़ी कोरिया से एक अंक से हारी, रजत पदक मिला

  •  
  • Publish Date - November 18, 2021 / 03:06 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:55 PM IST

ढाका, 18 नवंबर (भाषा) विश्व चैंपियनशिप में तीन बार की रजत पदक विजेता ज्योति सुरेखा वेनाम और युवा तीरंदाज ऋषभ यादव को गुरुवार को यहां एशियाई तीरंदाजी चैंपियनशिप की कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में शीर्ष वरीय कोरिया के खिलाफ एक अंक से शिकस्त के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

पहले दौर में कोरिया और भारत दोनों की जोड़ियों ने समान 38 अंक जुटाए। पूर्व विश्व चैंपियन किम युन्ही और चोई योंगही की कोरिया की अनुभवी जोड़ी ने हालांकि इसके बाद चार बार 10 अंक जुटाते हुए 155-154 से जीत दर्ज की।

भारत का यह मौजूदा प्रतियोगिता में दूसरा पदक है। इससे पहले 19 साल के यादव ने बुधवार को एशियाई खेलों के पूर्व स्वर्ण पदक विजेता अभिषेक वर्मा और अमन सैनी के साथ मिलकर टीम स्पर्धा का कांस्य पदक जीता था।

एशियाई चैंपियनशिप में पदार्पण करते हुए यादव ने व्यक्तिगत रैंकिंग दौर में अपने मार्गदर्शक वर्मा को पछाड़ते हुए भारतीय तीरंदाजों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और मिश्रित टीम स्पर्धा में जगह बनाई।

कोरिया के खिलाफ भारतीय जोड़ी दूसरे दौर में चार तीर में दो बार ही 10 अंक जुटा सकी। तीसरे दौर में कोरियाई तीरंदाजों के दो बार नौ अंक जुटाने के बाद भारतीय जोड़ी को सभी निशाने 10 अंक पर लगाने थे लेकिन वे ऐसा नहीं कर सके।

भारतीय जोड़ी ने चार में से तीन प्रयास में 10 अंक जुटाए लेकिन कोरियाई टीम ने एक अंक के अंतर से स्वर्ण पदक जीत लिया।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द