तिरूवनंतपुरम, एक नवंबर (भाषा) भारतीय टीम से बाहर चल रहे करूण नायर के नाबाद 142 रन की मदद से कर्नाटक ने केरल के खिलाफ रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी के मैच के पहले दिन शनिवार को तीन विकेट पर 319 रन बना लिये ।
पहले बल्लेबाजी करते हुए कर्नाटक ने सलामी बल्लेबाज अनीश केवी (आठ) और कप्तान मयंक अग्रवाल (पांच) के विकेट जल्दी गंवा दिये । इसके बाद नायर और विकेटकीपर कृष्णन श्रीजीत (65) ने तीसरे विकेट के लिये शतकीय साझेदारी करके पारी को संभाला ।
स्मरण रविचंद्रन (143 गेंद में 88 रन ) क्रीज पर नायर के साथ मौजूद थे । नायर ने अपनी पारी में 14 चौके और दो छक्के लगाये जबकि श्रीजीत ने दस चौके जड़े ।
न्यू चंडीगढ में ग्रुप बी के एक अन्य मैच में पंजाब ने कप्तान उदय सहारन के 247 गेंद में 100 रन की मदद से गोवा के खिलाफ पांच विकेट पर 215 रन बनाये । विकेटकीपर सलिल अरोड़ा भी 51 रन बनाकर खेल रहे हैं ।
गोवा के लिये मध्यम तेज गेंदबाज दीपराज गोवनकर ने दो विकेट लिये ।
इंदौर में मध्यप्रदेश ने चंडीगढ के खिलाफ एक विकेट पर 64 रन बना लिये थे लेकिन खराब मौसम के कारण खेल रोकना पड़ा ।
महाराष्ट्र और सौराष्ट्र के बीच भी पहले दिन का खेल गीली आउटफील्ड के कारण नहीं हो सका ।
भाषा
मोना नमिता
नमिता