राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मथुरा में गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा की

Ads

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मथुरा में गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा की

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 12:49 PM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 12:49 PM IST

मथुरा (उप्र), नौ जून (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार रात मथुरा में पवित्र गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा की, उनके साथ उनकी पत्नी गीता देवी भी मौजूद थीं।

मुख्यमंत्री शर्मा ने गिरिराज जी की पूजा-अर्चना करके परिक्रमा की शुरुआत की। गोवर्धन के धनघाटी मंदिर के सेवायत जी के पुरोहित ने बताया कि मुख्यमंत्री शर्मा ने देशवासियों की कल्याण, शांति, सद्भाव और विकास के लिए प्रार्थना की।

भजनलाल शर्मा ने कहा कि गोवर्धन परिक्रमा करने से उन्हें आध्यात्मिक शांति और ऊर्जा की अनुभूति होती है। उन्होंने परिक्रमा मार्ग के प्रमुख मंदिरों में भी दर्शन-पूजन किया।

सोमवार देर रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा, ‘‘आज पावन धाम श्री गोवर्धन जी की सप्तकोसीय परिक्रमा और गिरिराज महाराज के दर्शन का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ। ठाकुर जी से समस्त प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और राजस्थान की निरंतर प्रगति व विकास की मंगल कामना की।’’

सेवायत जीके पुरोहित के अनुसार, इस दौरान भजनलाल शर्मा की पत्नी गीता देवी ने भी दंडवत परिक्रमा पूरी की। सेवायत जी के पुरोहित के अनुसार, अनुष्ठान के तहत साष्टांग परिक्रमा के बाद सामान्य परिक्रमा की परंपरा होती है।

गौरतलब है कि गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा और महाअभिषेक के लिए सालभर लाखों श्रद्धालु मथुरा आते हैं। मानसी गंगा स्थित मुकुट मुखारबिंद मंदिर के सेवायत विनोद शर्मा ने बताया कि अधिक मास के चलते इस समय श्रद्धालुओं की संख्या में विशेष वृद्धि देखी जा रही है।

भाषा सं जफर मनीषा अमित

अमित