क्लासेन के अर्धशतक से सनराइजर्स ने केकेआर को दिया 227 रन का लक्ष्य
क्लासेन के अर्धशतक से सनराइजर्स ने केकेआर को दिया 227 रन का लक्ष्य
कोलकाता, दो अप्रैल (भाषा) ब्लेसिंग मुजरबानी ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए चार विकेट झटके, लेकिन हेनरिच क्लासेन के जुझारू अर्धशतक की बदौलत सनराइजर्स ने बृहस्पतिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मुकाबले में आठ विकेट पर 226 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।
ट्रैविस हेड ने 21 गेंदों पर 46 रन की विस्फोटक पारी खेलकर लय में वापसी की, जबकि अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 48 रन ठोके। दोनों ने पहले विकेट के लिए महज 34 गेंदों में 82 रन की शानदार साझेदारी से एक बार फिर टीम को विस्फोटक शुरुआत दिलाई।
कप्तान अजिंक्य रहाणे के गेंदबाजी करने के फैसले के बाद केकेआर के अनुभवहीन आक्रमण के खिलाफ हैदराबाद ने शुरुआत में ही लगभग 15 रन प्रति ओवर की रफ्तार से रन बनाकर लय पकड़ ली।
कार्तिक त्यागी ने छठे ओवर में खतरनाक हेड को आउट कर इस आक्रामक साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद मुजरबानी ने तीन गेंदों में दो विकेट लेकर मैच का रुख पलटने की कोशिश की। उन्होंने कप्तान इशान किशन (14) और क्रीज पर समय बिता चुके अभिषेक को पवेलियन भेजा।
सनराइजर्स की टीम आठ ओवर में एक विकेट पर 110 रन बनाकर बेहद मजबूत स्थिति में थी, लेकिन इसके बाद उनकी पारी अचानक लड़खड़ा गई। टीम ने महज सात रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिए।
छठे गेंदबाजी विकल्प स्पिनर अनुकूल रॉय ने अनिकेत वर्मा (एक) को आउट कर सनराइजर्स पर दबाव और बढ़ा दिया। सनराइजर्स ने सात गेंदों में तीन विकेट खो दिए।
बाउंड्री रुकने और रनगति धीमी पड़ने के बीच क्लासेन और नीतिश कुमार रेड्डी (39) को पारी संभालनी पड़ी। दोनों ने 53 गेंद में 82 रन की साझेदारी कर आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की नींव रखी।
वैभव अरोड़ा ने 19वें ओवर में रेड्डी का विकेट लेकर हैदराबाद की रफ्तार पर अंकुश लगाया, लेकिन क्लासेन के संयमित अर्धशतक ने टीम को 220 के पार पहुंचा दिया।
जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज मुजरबानी ने अंतिम ओवर में क्लासेन (35 गेंदों में 52) और शिवांग कुमार (चार) के विकेट लेकर अपने आंकड़े 41 रन पर चार विकेट कर लिए।
इससे पहले शुरुआत में चार गेंदों में एक रन बनाने वाले हेड ने जल्द ही तेवर बदलते हुए अगली नौ गेंदों में पांच चौके और दो छक्के जड़कर पावरप्ले में रनगति करीब 15 प्रति ओवर पहुंचा दी।
वैभव अरोड़ा ने उन्हें पैर के पास गेंदबाजी कर रोकने की कोशिश की, लेकिन हेड पूरी लय में नजर आए। अच्छी उछाल और गति वाली पिच पर गेंद आसानी से बल्ले पर आ रही थी और हेड ने स्क्वायर लेग के ऊपर शानदार छक्का लगाया।
केकेआर के अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण की कलई एक बार फिर खुल गयी। सुनील नारायण को जल्दी गेंदबाजी पर लाया गया और एक मौका भी बना, लेकिन कप्तान रहाणे कैच तक नहीं पहुंच सके।
हेड शुरुआती ओवरों में हावी रहे, वहीं अभिषेक ने संयम दिखाने के बाद वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ एक ओवर में तीन चौके और एक छक्का जड़कर टीम को पांच ओवर में बिना किसी नुकसान के 71 रन तक पहुंचा दिया। चक्रवर्ती ने अपने पहले ओवर में 25 रन लुटाए।
इसके बाद इशान किशन ने भी कार्तिक त्यागी पर लगातार तीन चौके जड़कर आक्रामकता जारी रखी।
नौवें ओवर में हालांकि मुजरबानी को गेंद सौंपने का फैसला निर्णायक साबित हुआ। इसमें रिंकू सिंह के शानदार क्षेत्ररक्षण ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पहले डीप कवर-पॉइंट पर किशन का बेहतरीन कैच लपका और फिर अभिषेक के पुल शॉट पर भी अहम कैच पूरा किया।
क्लासेन और रेड्डी ने बीच के ओवरों में संभलकर खेलने के बाद आखिरी ओवरों में तेजी से रन जुटाकर सनराइजर्स को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर

Facebook


