मैक्सिको सिटी, 25 जून (एपी) मौजूदा विश्व कप में अभी तक दो मैच में पांच गोल कर चुके स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी ने अर्जेंटीना के अपने साथियों के साथ बुधवार को अपना 39वां जन्मदिन मनाया।
अर्जेंटीना अपने पहले दोनों मैच जीत कर नॉकआउट राउंड में जगह पक्की कर चुका है। इस दौरान मेस्सी विश्व कप के इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी भी बने।
मेस्सी ने मिसौरी के कनसास सिटी स्थित अर्जेंटीना के अभ्यास केंद्र में अपने साथियों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। यह उनका छठा विश्व कप है और यह पांचवां अवसर है जब उनका जन्मदिन टूर्नामेंट के दौरान पड़ा है। केवल कतर में 2022 में खेले गए विश्व कप के दौरान उनका जन्मदिन नहीं पड़ा था क्योंकि यह टूर्नामेंट नवंबर दिसंबर में खेला गया था।
मेस्सी ने मौजूदा टूर्नामेंट में अब तक अर्जेंटीना के सभी गोल किए हैं। उन्होंने अल्जीरिया के खिलाफ शुरुआती जीत में तीन और ऑस्ट्रिया पर जीत में दो गोल किए।
मेस्सी ने अपने कुछ साथियों के साथ केक खाते हुए अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। यह केक पैन कैलियेंटे नामक कनसास सिटी स्थित बेकरी का था, जिसके मालिक एक अर्जेंटीनाई पेस्ट्री शेफ हैं।
एक अन्य तस्वीर में अर्जेंटीना के खिलाड़ी मेस्सी के साथ पोज देते हुए नजर आए। सभी ने ऐसी टी-शर्ट पहनी हुई थी जिस पर कप्तान के साथ उनकी निजी तस्वीर छपी हुई थी।
फॉरवर्ड जूलियन अल्वारेज़ के सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार टी-शर्ट पर लिखा था, ‘‘उस शख्स को जिसने हमारी जिंदगी बदल दी, हमें अविस्मरणीय पल दिए और हमें यह विश्वास दिलाया कि सपने सच हो सकते हैं। …जन्मदिन की शुभकामनाएं कप्तान। हम आपसे प्यार करते हैं। आप हमेशा खुश रहें।’’
एपी
पंत
पंत