मैक्सिको ने चेक गणराज्य को हराकर पहली बार ग्रुप चरण के तीनों मैच जीते

Ads

मैक्सिको ने चेक गणराज्य को हराकर पहली बार ग्रुप चरण के तीनों मैच जीते

  •  
  • Publish Date - June 25, 2026 / 09:31 AM IST,
    Updated On - June 25, 2026 / 09:31 AM IST

मैक्सिको सिटी, 25 जून (एपी) माटेओ शावेज़ और जूलियन क्विनोन्स ने दूसरे हाफ की शुरुआत में छह मिनट के अंतराल में गोल किए जिससे मैक्सिको ने चेक गणराज्य को 3-0 से हराकर पहली बार विश्व कप फुटबॉल के ग्रुप चरण के अपने तीनों मैच जीते।

मैक्सिको पहले ही नॉकआउट राउंड में अपनी जगह पक्की कर चुका था लेकिन उसने अपना विजय अभियान जारी रखते हुए शान से अगले दौर में कदम रखा। चेक गणराज्य केवल एक अंक ही हासिल कर पाया और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गया।

अपने पहले विश्व कप में खेल रहे 22 वर्षीय शावेज़ ने 55वें मिनट में पहला गोल किया और क्विनोनेस ने 61वें मिनट में टूर्नामेंट का अपना दूसरा गोल दागा। अल्वारो फिडाल्गो ने दूसरे हाफ के इंजरी टाइम में मैक्सिको के खाते में एक गोल और जोड़ा।

मैक्सिको का इससे पहले ग्रुप चरण में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दो जीत और एक ड्रॉ का था, जो उसने 1986 और 2002 में हासिल किया था। दोनों में जेवियर अगुइरे शामिल थे। पहले में एक मिडफील्डर और दूसरे में मैक्सिको के कोच के रूप में।

ग्रुप ए का विजेता बन चुका मैक्सिको मंगलवार को एज़्टेका स्टेडियम में राउंड-ऑफ-32 के मैच में एक ऐसे प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ खेलेगा जिसका अभी तक निर्धारण नहीं हुआ है।

इस मैच में मैक्सिको के अतीत और भविष्य दोनों की झलक देखने को मिली। गिलबर्टो मोरा 17 साल की उम्र में विश्व कप में शुरुआती लाइनअप में जगह बनाने वाले मैक्सिको के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने।

दूसरी तरफ 40 वर्षीय गोलकीपर गुइलेर्मो ‘मेमो’ ओचोआ 77वें मिनट में मैदान पर उतरे और अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी और पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो के साथ छह विश्व कप में खेलने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो गए।

एपी

पंत

पंत