मोरक्को की हैती पर जीत में चमके रहीमी और यासीन

Ads

मोरक्को की हैती पर जीत में चमके रहीमी और यासीन

  •  
  • Publish Date - June 25, 2026 / 09:18 AM IST,
    Updated On - June 25, 2026 / 09:18 AM IST

अटलांटा, 25 जून (एपी) सोफियान रहीमी और गेसिम यासीन ने स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरकर शानदार खेल दिखाया जिससे मोरक्को ने दो बार पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए हैती को 4-2 से हराकर कैरेबियाई देश की विश्व कप फुटबॉल में पहली बार अंक हासिल करने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

मोरक्को इस तरह से ब्राजील के समान सात अंक लेकर ग्रुप सी में दूसरा स्थान हासिल करके नॉकआउट राउंड में पहुंचा। ब्राजील ने बेहतर गोल अंतर के कारण ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया। हैती ने अपने तीनों मैच गंवाए और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गया है। पांच बार की चैंपियन ब्राजील ने एक अन्य मैच में स्कॉटलैंड को 3-0 से हराया।

चार साल पहले कतर में विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली अफ्रीकी टीम बनी मोरक्को ने 52 वर्षों में पहली बार फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर खेल रही हैती की टीम के खिलाफ दो बार पिछड़ने के बाद वापसी की।

रहीमी ने 78वें मिनट में मोरक्को को 3-2 से आगे कर दिया और यासीन ने 89वें मिनट में गोल करके उलटफेर की किसी भी संभावना को खत्म कर दिया।

मोरक्को को फीफा रैंकिंग में उससे 74 स्थान नीचे मौजूद हैती ने कड़ी टक्कर दी है। हैती ने 10वें मिनट में एक ऐसे गोल की बदौलत अप्रत्याशित बढ़त हासिल कर ली, जिसकी तैयारी में पांच दशक से भी अधिक समय लगा था।

लेनी जोसेफ ने मोरक्को के गोलकीपर यासीन बोनू को छकाकर गोल दागा। इस तरह से वह 1974 में इमैनुअल सैनन के बाद विश्व कप में अपने देश के लिए गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। हैती दूसरी बार विश्व कप में भाग ले रहा है।

मोरक्को ने बराबरी का गोल करने के लिए हर संभव प्रयास किया और अशरफ हकीमी ने आखिर में 39वें मिनट में यह गोल दाग दिया। हैती के गोलकीपर जॉनी प्लासिड ने बिलाल अल खानौस के क्रॉस को रोकने की कोशिश की, लेकिन हकीमी को गेंद को गोलपोस्ट के अंदर पहुंचाने से नहीं रोक सके।

लेकिन हैती ने चार मिनट बाद ही फिर से बढ़त बना ली जब विल्सन इसिडोर ने बॉक्स के बाहर से शॉट लगाकर गोल किया जो सीधे ऊपरी कोने में लगा।

पहले हाफ के आखिरी क्षणों में गोल का सिलसिला थमा नहीं। मोरक्को के इस्माइल साबरी ने इंजरी टाइम में हकीमी के क्रॉस को प्लासिड के पास से निकालकर गोल दागा और इस तरह से हाफ टाइम तक स्कोर 2-2 कर दिया। यह साबरी का टूर्नामेंट में तीसरा गोल था।

एपी

पंत

पंत