एएफआई ने कहा, लंबी कूद की एथलीट शैली सिंह का निशान गलत नापा गया, खेल पंचाट में जाएंगे

एएफआई ने कहा, लंबी कूद की एथलीट शैली सिंह का निशान गलत नापा गया, खेल पंचाट में जाएंगे

एएफआई ने कहा, लंबी कूद की एथलीट शैली सिंह का निशान गलत नापा गया, खेल पंचाट में जाएंगे
Modified Date: September 28, 2026 / 05:32 pm IST
Published Date: September 28, 2026 5:32 pm IST

(फिलेम दीपक सिंह)

नागोया, 28 सितंबर (भाषा) भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने एशियाई खेलों में लंबी कूद की एथलीट शैली सिंह की छलांग कम करके नापने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह इस फैसले के खिलाफ खेल पंचाट (सीएएस) में अपील करेगा।

रविवार को महिलाओं की लंबी कूद स्पर्धा में शैली ने 6.42 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर चौथा स्थान हासिल किया, जबकि उनकी हमवतन एंसी सोजान ने 6.53 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता। चीन की हुआंग यिंगयिंग ने अपने अंतिम प्रयास में 6.55 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता।

विवाद शैली के चौथे प्रयास को लेकर हुआ जिसे आधिकारिक तौर पर 6.41 मीटर नापा गया था। शैली की मेंटर (मार्गदर्शक) और अपने जमाने की दिग्गज एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज के अनुसार एक अधिकारी के कहने पर ऐसा किया गया जबकि वह ‘लैंडिंग पिट’ के पास मौजूद नहीं था।

अंजू ने पीटीआई से कहा, ‘‘हमने देखा कि उसकी छलांग स्पष्ट रूप से स्वर्ण पदक जीतने के निशान से आगे थी। शुरुआत में लैंडिंग पिट के पास मौजूद अधिकारी ने नाप के लिए शैली के पैर के निशान की ओर इशारा किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन इसके बाद काफी पीछे खड़े एक अन्य अधिकारी के कहने पर इसे बदल दिया गया। उस अधिकारी ने ऐसे निशान की तरफ इशारा किया जो काफी छोटा था।’’

विश्व चैंपियनशिप 2003 की लंबी कूद में कांस्य पदक जीतने वाली अंजू ने कहा, ‘‘उन्होंने उस निशान को नाप लिया जिसकी तरफ काफी पीछे खड़े अधिकारी ने इशारा किया था। नाप उस निशान पर लिया जाना चाहिए था जो लैंडिंग पिट के सबसे नजदीक खड़े अधिकारी ने बताया था।’’

शैली ने खुद विरोध दर्ज कराया था और उस समय छलांग लगाने के वीडियो भी दिखाए गए थे।

अंजू ने कहा, ‘‘इसके बाद हमें बुलाया गया और अधिकारियों ने हमें सामने से लिया गया एक वीडियो दिखाया, जिसका कोई मतलब नहीं था। सामने से देखने पर आपको कैसे पता चलेगा कि शैली ने कहां पर छलांग लगाई थी। हमने बगल से लिया गया (साइड व्यू) वीडियो मांगा, जिसके बारे में उन्होंने कहा कि वह उनके पास नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद हमने जूरी से अपील की। ​​जूरी ने बाद में अपना फैसला बताया, जिसमें कहा गया कि उन्होंने साइड व्यू वीडियो भी देखे हैं और पहले का फैसला बरकरार रहेगा।’’

एएफआई की वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंजू ने कहा, ‘‘यह शैली के साथ अन्याय है। अगर सही नाप लिया गया होता तो वह स्वर्ण पदक भी जीत सकती थी। इसलिए हम सीएएस में शिकायत दर्ज कराएंगे।’’

भाषा

पंत मोना

मोना


लेखक के बारे में