लॉडर्स वनडे रोहित का आखिरी मैच नहीं : बीसीसीआई सचिव सैकिया
लॉडर्स वनडे रोहित का आखिरी मैच नहीं : बीसीसीआई सचिव सैकिया
(कुशान सरकार )
नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) बीसीसीआई ने शुक्रवार को रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को लॉडर्स पर तीसरा वनडे उनका आखिरी मैच नहीं है ।
बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने पीटीआई से कहा कि इस तरह की कोई चर्चा नहीं हो रही है कि लॉडर्स पर रविवार को रोहित आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेंगे ।
उन्होंने पीटीआई से खास बातचीत में कहा ,‘‘ रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर मीडिया में काफी अटकलें लगाई जा रही है । मैं जोर देकर कहना चाहता हूं कि ऐसी कोई चर्चा नहीं हो रही है कि रोहित रविवार को लॉडर्स पर अपना आखिरी मैच खेलेगा ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ रोहित भारतीय वनडे टीम का नियमित सदस्य है और जब तक टीम की योजनाओं का हिस्सा है, देश के लिये खेलता रहेगा । दूसरे शब्दों में, लॉडर्स वनडे उनका आखिरी मैच नहीं है ।’’
ऐसी अटकलें लगाई जा रही है कि लॉडर्स वनडे रोहित का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच होगा क्योंकि राष्ट्रीय चयनकर्ता उन्हें बता चुके हैं कि वह 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप के लिये टीम की योजनाओं का हिस्सा नहीं है ।
इससे इस संभावना को बल मिला है कि वह रविवार के मैच के बाद संन्यास का ऐलान कर सकते हैं या टीम से बाहर हो सकते हैं ।
वह टेस्ट और टी20 से संन्यास पहले ही ले चुके हैं ।
भाषा
मोना
मोना

Facebook


