बेल्जियम के लिए स्ट्राइकर लुकाकू की फिटनेस अब भी चिंता का विषय
बेल्जियम के लिए स्ट्राइकर लुकाकू की फिटनेस अब भी चिंता का विषय
सिएटल, 30 जून (एपी) बेल्जियम के लिए सेनेगल के खिलाफ बुधवार को यहां होने वाले विश्व कप फुटबॉल के राउंड ऑफ 32 मैच से पहले स्टार स्ट्राइकर रोमेलु लुकाकू की फिटनेस चिंता का विषय बनी हुई है।
अपने देश की तरफ से सर्वाधिक गोल करने वाले 33 वर्षीय लुकाकू पूर्ण फिटनेस हासिल करने के लिए विश्व कप से पहले मैत्री मैचों में नहीं खेले थे। मांसपेशियों में खिंचाव के कारण वह इटली के अपने क्लब नेपोली की तरफ से पिछले सत्र में केवल सात मैच ही खेल पाए थे।
लुकाकू ने कहा, ‘‘मैं परिस्थितियों के अनुसार चल रहा हूं। मैं कड़ी मेहनत कर रहा हूं और यहां आकर खुश हूं। मैं अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की कोशिश कर रहा हूं।’’
ईरान के खिलाफ बेल्जियम के दूसरे ग्रुप मैच में लुकाकू ने शुरुआती लाइनअप में जगह बनाई, लेकिन वह मैच की गति के साथ तालमेल बिठाने में संघर्ष करते दिखे। उन्होंने गोल पर एक भी शॉट नहीं लगाया। उन्हें पीला कार्ड मिला और 73 मिनट के बाद उनकी जगह दूसरे खिलाड़ी को उतार दिया गया।
लुकाकू ने हालांकि मिस्र और न्यूजीलैंड के खिलाफ दोनों मैच में सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान में उतरने पर अच्छा प्रदर्शन किया। मिस्र के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ रहे मैच में इस स्ट्राइकर ने मैदान पर उतरने के महज 23 सेकंड बाद ही आत्मघाती गोल करवा दिया। न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने एक गोल किया और एक गोल में मदद की।
लुकाकू ने कहा, ‘‘जब मैं बेंच पर होता हूं तो मेरे पास मैदान पर हो रही हर चीज का विश्लेषण करने के लिए काफी समय होता है। टीम की मदद करना मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण है।’’
बेल्जियम अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहा था जबकि सेनेगल तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ आठ टीम में जगह बनाकर नॉकआउट राउंड में पहुंचा। बेल्जियम इस मैच में जीत के दावेदार के रूप में शुरुआत करेगा।
एपी
पंत
पंत

Facebook


