आंध्र को चार रन से हराकर मध्यप्रदेश रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में

Ads

आंध्र को चार रन से हराकर मध्यप्रदेश रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में

  •  
  • Publish Date - February 26, 2024 / 04:24 PM IST,
    Updated On - February 26, 2024 / 04:24 PM IST

इंदौर, 26 फरवरी ( भाषा ) अनुभव अग्रवाल के छह विकेट के दम पर मध्य प्रदेश ने आंध्र को चार रन से हराकर रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया ।

होल्कर स्टेडियम पर खेले गए कम स्कोर वाले क्वार्टर फाइनल में गेंदबाजों की तूती बोली । इस जीत के साथ 2021 . 22 की चैम्पियन मध्यप्रदेश की टीम तमिलनाडु के बाद इस बार अंतिम चार में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई ।

जीत के लिये 170 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आंध्र की टीम आखिरी दिन 165 रन पर आउट हो गई ।

अपने कल के स्कोर चार विकेट पर 95 रन से आगे खेलते हुए आंध्र जीत की राह पर दिख रही थी । लेकिन अग्रवाल ने चमत्कारिक ढंग से मध्यप्रदेश को मैच में लौटाया । पहली पारी में तीन विकेट लेने वाले इस गेंदबाज ने दूसरी पारी में 19 ओवर में 52 रन देकर छह विकेट चटकाये ।

उन्होंने पारी के 51वें ओवर में करण शिंदे (14) को पगबाधा आउट किया । अगले ओवर में उन्होंने विहारी ( 55 रन ) को पवेलियन भेजा और शोएब मोहम्मद खान ( 0) को पहली गेंद पर रवाना किया ।

इसके बाद कुलवंत खेजरोलिया ने केवी शशिकांत ( सात ) को आउट किया । गिरिनाथ रेड्डी (15) और अश्विन हेब्बार (22 ) ने नौवे विकेट के लिये 32 रन जोड़कर आंध्र को मैच में लौटाने की कोशिश की ।

अग्रवाल ने गिरिनाथ को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा । जब जीत के लिये पांच रन की जरूरत थी तब खेजरोलिया ने हेब्बार ( 22) को आउट करके टीम को जीत तक पहुंचाया ।

भाषा मोना सुधीर

सुधीर