पुणे पर्वतारोही मौत मामला: मंगेतर और उसके मित्र पर हत्या का आरोप, मामला दर्ज

Ads

पुणे पर्वतारोही मौत मामला: मंगेतर और उसके मित्र पर हत्या का आरोप, मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 01:42 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 01:42 PM IST

पुणे, 23 जून (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे में पर्वतारोही केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में मंगलवार को सनसनीखेज मोड़ आ गया। पुलिस ने कहा कि केतन को उनकी मंगेतर और उसके एक पुरुष मित्र ने कथित तौर पर खाई में धक्का देकर मार डाला और बाद में इसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।

पुलिस ने बताया कि केतन की मंगेतर और उसके पुरुष मित्र को हिरासत में ले लिया गया है। अब हत्या के पहलू से मामले की जांच की जा रही है।

पिछले सप्ताह पुलिस ने बताया था कि पुणे शहर के निकट गहुंजे निवासी 26 वर्षीय केतन अग्रवाल 18 जून सुबह लोहागढ़ किले पर तस्वीरें खींच रहे थे तभी तेज हवाओं के बीच उनका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 400 फुट गहरी खाई में गिर गए।

यह घटना उस समय हुई थी, जब केतन अपनी मंगेतर और दो करीबी दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने के लिए किले पर गए थे। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु का मामला दर्ज किया था।

हालांकि, आगे की जांच में पुलिस को ऐसे साक्ष्य मिले, जिनसे यह आशंका मजबूत हुई कि केतन की मंगेतर और उसके पुरुष मित्र ने कथित तौर पर उन्हें खाई में धक्का दिया था और बाद में इसे हादसा बताने की कोशिश की।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “हमने मंगेतर और उसके पुरुष मित्र को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच अब हत्या के पहलू को ध्यान में रखकर की जा रही है।”

हालांकि, अधिकारी ने इस संबंध में अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया।

पुलिस के अनुसार, केतन की शादी इसी वर्ष नवंबर में होने वाली थी। यह भी पता चला है कि दोनों परिवारों ने विवाह समारोह के लिए राजस्थान के उदयपुर स्थित एक महल पहले ही बुक कर लिया था।

लोहागढ़ किला मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण दुर्ग है। यह महाराष्ट्र के उन 12 किलों में शामिल है, जिन्हें यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में स्थान प्राप्त है।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा