चेल्सी को 1-0 से हराकर मैनचेस्टर सिटी ने जीता एफए कप का खिताब

चेल्सी को 1-0 से हराकर मैनचेस्टर सिटी ने जीता एफए कप का खिताब

चेल्सी को 1-0 से हराकर मैनचेस्टर सिटी ने जीता एफए कप का खिताब
Modified Date: May 16, 2026 / 10:00 pm IST
Published Date: May 16, 2026 10:00 pm IST

लंदन, 16 मई (एपी) एंटोनी सेमेन्यो के करिश्माई गोल की मदद से मैनचेस्टर सिटी ने एफए कप फाइनल में शनिवार को वेम्बली स्टेडियम में चेल्सी को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

इस टूर्नामेंट के 155 साल के इतिहास में शायद ही कभी इतना कमाल का गोल देखने को मिला हो। फॉरवर्ड खिलाड़ी सेमेन्यो ने दूसरे हाफ में शानदार ‘बैक-हील’ गोल से मैच का रुख तय किया।

मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन गोल के अवसर बेहद कम बने। ऐसे में 72वें मिनट में एर्लिंग हालांड के क्रॉस पर सेमेन्यो ने अद्भुत कौशल का प्रदर्शन करते हुए एड़ी से गेंद को दिशा दी, जो चेल्सी के गोलकीपर रॉबर्ट सांचेज को छकाते हुए गोलपोस्ट के अंदर चली गई।

इस जीत से सिटी घरेलू ट्रॉफी हैट्रिक की दौड़ में बनी हुई है, क्योंकि वह पहले ही इंग्लिश लीग कप जीत चुकी है। पेप गार्डियोला की टीम प्रीमियर लीग में भी दूसरे स्थान पर है और दो राउंड बाकी रहते हुए आर्सेनल से दो अंक पीछे है।

सिटी में 10 साल के कार्यकाल में गार्डियोला की यह 17वीं बड़ी ट्रॉफी और उनके पूरे करियर की कुल 35वीं ट्रॉफी है।

सिटी ने आठवीं बार एफए कप जीता है और सर्वकालिक विजेताओं की सूची में चेल्सी, लिवरपूल और टॉटेनहम के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।

इस हार का मतलब है कि क्लब विश्व कप चैंपियन चेल्सी इस सत्र में बिना किसी ट्रॉफी के रह जाएगी।

एपी आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में