तीरंदाजी विश्व कप: धीरज और कीर्ति कांस्य पदक प्ले ऑफ में, भारतीय रिकर्व टीमें हारीं

तीरंदाजी विश्व कप: धीरज और कीर्ति कांस्य पदक प्ले ऑफ में, भारतीय रिकर्व टीमें हारीं

तीरंदाजी विश्व कप: धीरज और कीर्ति कांस्य पदक प्ले ऑफ में, भारतीय रिकर्व टीमें हारीं
Modified Date: July 10, 2026 / 12:56 am IST
Published Date: July 10, 2026 12:56 am IST

मैड्रिड, नौ जुलाई (भाषा) धीरज बोम्मादेवरा और कीर्ति शर्मा ने रिकर्व मिश्रित टीम स्पर्धा के कांस्य पदक प्ले ऑफ में जगह बनाई लेकिन भारतीय पुरुष और महिला रिकर्व टीमें तीरंदाजी विश्व कप चरण चार में अपनी ऊंची वरीयता के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाईं और बृहस्पतिवार को यहां अमेरिका से हारकर दोनों वर्गों के क्वार्टर फाइनल से बाहर हो गईं।

पिछले महीने अंताल्या विश्व कप में कुमकुम मोहोद के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाले धीरज ने पहली बार कीर्ति के साथ जोड़ी बनाते हुए पहले नीदरलैंड को 6-2 और फिर जापान को 5-3 से हराया लेकिन इस दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को सेमीफाइनल में चीन के खिलाफ 3-5 से शिकस्त झेलनी पड़ी। कांस्य पदक के प्ले ऑफ में अब उनका सामना इटली से होगा।

कंपाउंड वर्ग में पृथिका प्रदीप और साहिल जाधव की मिश्रित जोड़ी शूट ऑफ में मिगुएल बेसेरा और जिमेना एस्ट्राडा की मैक्सिको की जोड़ी के खिलाफ 153-153 (19-20) से हार गई।

अनुभवी और चार बार की ओलंपियन दीपिका कुमारी दूसरे दौर में बाहर हो गईं जबकि एशियाई खेलों की टीम में शामिल यशदीप भोगे शुरुआती दौर में ही हार गए। पुरुष और महिला वर्गों में बाकी छह तीरंदाज अपने-अपने व्यक्तिगत वर्ग में बने हुए हैं।

भारत ने कंपाउंड वर्ग में पहले ही एक पदक पक्का कर लिया है क्योंकि महिला टीम फाइनल में पहुंच गई है।

धीरज बोम्मादेवरा, नीरज चौहान और यशदीप भोगे की दूसरी वरीय पुरुष रिकर्व टीम का प्रदर्शन सातवीं वरीय अमेरिकी टीम के खिलाफ खराब रहा और भारतीय टीम सीधे सेट में 0-6 (53-56, 55-59, 56-58) से हार गई।

कई बार के ओलंपिक पदक विजेता ब्रैडी एलिसन की अगुवाई वाली अमेरिकी तिकड़ी ने शुरुआत से ही दबाव बनाया क्योंकि भारत शुरुआती सेट में सात और आठ के स्कोर के साथ लड़खड़ा गया।

इसके बाद अमेरिकी टीम ने छह तीरों में से पांच बार परफेक्ट 10 का स्कोर करके 4-0 की मजबूत बढ़त बना ली और फिर एक और शानदार प्रदर्शन के साथ सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

दूसरी ओर अंकिता भकत, कीर्ति और कुमकुम की महिला टीम को कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद अमेरिकी टीम के खिलाफ 2-6 (52-52, 54-55, 54-54, 51-56) से शिकस्त का सामना करना पड़ा।

व्यक्तिगत वर्ग में भारत के पास अच्छे मौके हैं जहां अंताल्या विश्व कप चैंपियन धीरज को दूसरी वरीयता मिली है और वह आठवें वरीय वाले नीरज चौहान और 26वें वरीय अनुभवी अतनु दास के साथ राउंड ऑफ 32 से शुरुआत करेंगे।

महिला वर्ग में उभरती हुई तीरंदाज कीर्ति को चौथी वरीयता मिली है। वह कुमकुम (14वीं) और अंकिता भकत (15वीं) के साथ राउंड ऑफ 32 से शुरुआत करेंगी।

सोलहवीं वरीय दीपिका को दूसरे दौर में निराशाजनक हार का सामना करना पड़ा। वह शूट-ऑफ में पोलैंड की करीना कोजलोवस्का से 5-6 (9-10) से हार गईं।

भाषा सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में